प्राथमिक विद्यालय गोहारियो में फाइलेरिया से बचाव को लेकर निकाली गई जागरूकता रैली

भागलपुर, संवाददाता।
प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत प्राथमिक विद्यालय गोहारियो में फाइलेरिया से बचाव और इससे मुक्ति के उद्देश्य से जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। विभागीय निर्देशानुसार विद्यालय परिसर से प्रभातफेरी निकाली गई, जिसमें छात्र-छात्राओं ने नारों और स्लोगनों के माध्यम से आम लोगों को फाइलेरिया के प्रति जागरूक किया।
रैली के दौरान बच्चों ने “फाइलेरिया से बचाव अपनाएं, स्वस्थ जीवन पाएं”, “समय पर दवा लें, बीमारी को दूर भगाएं” जैसे संदेशों के जरिए ग्रामीणों को जागरूक किया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य लोगों को यह समझाना था कि फाइलेरिया एक गंभीर बीमारी है, लेकिन समय पर पहचान और सही इलाज से इससे पूरी तरह मुक्ति पाई जा सकती है।
विद्यालय के शिक्षक मो इमरोज़ उद्दीन ने जानकारी देते हुए बताया कि फाइलेरिया के शुरुआती लक्षणों को पहचानकर यदि व्यक्ति समय पर चिकित्सक से परामर्श ले, तो बीमारी को बढ़ने से रोका जा सकता है। उन्होंने आमजन से अपील की कि किसी भी प्रकार की शंका होने पर नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर अवश्य संपर्क करें।
इस अवसर पर वरीय शिक्षिका कुमारी हेमलता, शिक्षक मो राशिद अंसारी, शिक्षिका कुमारी निशु, मो इमतियाज सहित ईको क्लब के सदस्य, बाल संसद के सदस्य, विद्यालय के सभी छात्र-छात्राएं एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। कार्यक्रम के माध्यम से क्षेत्र में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता का सकारात्मक संदेश गया।
