बेगूसराय में अवैध खनन पर बड़ी कार्रवाई, एक जेसीबी और पांच ट्रैक्टर जब्त

बेगूसराय, संवाददाता।
खान एवं भूतत्व विभाग, बिहार सरकार द्वारा अवैध खनन के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत बेगूसराय जिले के पथरा घाट, बूढ़ी गंडक नदी क्षेत्र में प्रभावी कार्रवाई की गई। इस दौरान विभागीय टीम ने अवैध रूप से बालू खनन में संलिप्त 01 जेसीबी एक्स्केवेटर एवं 05 ट्रैक्टर को जब्त किया।
प्रशासन की इस कार्रवाई से अवैध खनन माफियाओं में हड़कंप मच गया है। विभागीय अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि राज्य सरकार की मंशा है कि प्राकृतिक संसाधनों का दोहन कानून के दायरे में ही हो और किसी भी परिस्थिति में अवैध खनन को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
कार्रवाई के दौरान यह भी निर्देश दिया गया कि संबंधित क्षेत्रों में नियमित निगरानी बढ़ाई जाए तथा अवैध खनन से जुड़े लोगों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
राज्य सरकार एवं सूचना एवं जनसंपर्क विभाग, बिहार द्वारा अवैध खनन के विरुद्ध जागरूकता और सख्ती दोनों पर लगातार जोर दिया जा रहा है, ताकि पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ कानून-व्यवस्था भी सुदृढ़ बनी रहे।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन की इस पहल का स्वागत किया है और उम्मीद जताई है कि इस तरह की कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेगी।
