ऑपरेशन मुस्कान : बांका पुलिस ने लौटाए साढ़े सात लाख रुपये के खोए मोबाइल, पीड़ितों के चेहरे पर लौटी मुस्कान

बांका।
जिले में आम नागरिकों के खोए हुए मोबाइल फोन वापस दिलाने के उद्देश्य से चलाए गए “ऑपरेशन मुस्कान” अभियान के तहत बांका पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। अभियान के अंतर्गत पुलिस ने करीब साढ़े सात लाख रुपये मूल्य के दर्जनों मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक मालिकों को सौंपे।
पुलिस अधीक्षक उपेंद्रनाथ वर्मा के निर्देश पर जिले के सभी थाना क्षेत्रों में मोबाइल रिकवरी को लेकर विशेष अभियान चलाया गया। इसके लिए एक विशेष टीम का गठन किया गया, जिसने तकनीकी माध्यमों की सहायता से न केवल बिहार बल्कि अन्य राज्यों तक से भी गुम हुए मोबाइल फोन को ट्रेस कर बरामद किया।
एसपी कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में सौंपे गए मोबाइल
बरामद किए गए सभी मोबाइल फोन को पुलिस अधीक्षक कार्यालय परिसर में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान विधिवत उनके वास्तविक धारकों को सौंपा गया। जैसे ही लोगों को उनके खोए हुए मोबाइल वापस मिले, उनके चेहरों पर खुशी साफ झलक रही थी। कई लोगों ने पुलिस की इस पहल को बेहद सराहनीय बताया।
डीआईयू टीम की रही अहम भूमिका
इस पूरे अभियान को सफल बनाने में
डीआईयू टीम प्रभारी राजेश कुमार,
पुलिस इंस्पेक्टर राकेश कुमार,
एसआई सुशील राज,
बच्चन कुमार, प्रभात कुमार, सोनू कुमार, संतोष प्रसाद सहित अन्य पुलिसकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
एसपी बोले – आगे भी जारी रहेगा अभियान
इस मौके पर पुलिस अधीक्षक उपेंद्रनाथ वर्मा ने कहा कि आम जनता की सुविधा और विश्वास को मजबूत करना पुलिस की प्राथमिकता है। भविष्य में भी ऐसे जनहितकारी अभियान लगातार जारी रहेंगे, ताकि लोगों को त्वरित राहत मिल सके।
ऑपरेशन मुस्कान ने एक बार फिर यह साबित कर दिया कि बांका पुलिस न केवल अपराध नियंत्रण में, बल्कि जनता की सेवा में भी पूरी तरह तत्पर है।
