सारण में सरस्वती पूजा को लेकर प्रशासन अलर्ट, डीएम-एसएसपी ने किया संयुक्त फ्लैग मार्च

छपरा नगर निगम क्षेत्र में सुरक्षा और यातायात व्यवस्था का लिया गया जायजा
छपरा (सारण)। सरस्वती पूजा 2026 के अवसर पर जिले में विधि-व्यवस्था एवं यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के उद्देश्य से प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। इसी क्रम में आज गुरुवार, 22 जनवरी 2026 को जिलाधिकारी सारण श्री वैभव श्रीवास्तव एवं वरीय पुलिस अधीक्षक सारण श्री विनीत कुमार ने संयुक्त रूप से छपरा नगर निगम क्षेत्र के विभिन्न मार्गों पर फ्लैग मार्च किया।

इस फ्लैग मार्च में अनुमंडल पदाधिकारी, सदर, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, सदर, पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय), पुलिस उपाधीक्षक (यातायात), अंचलाधिकारी सदर सहित बड़ी संख्या में पुलिस बल के जवान शामिल रहे। अधिकारियों ने प्रमुख चौक-चौराहों, पूजा स्थलों के आसपास के क्षेत्रों, बाजार एवं भीड़भाड़ वाले स्थानों का निरीक्षण कर सुरक्षा तैयारियों का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी एवं एसएसपी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि पूजा के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था, अफवाह फैलाने की कोशिश या कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही यातायात व्यवस्था को सुचारू रखने के लिए आवश्यक बैरिकेडिंग, डायवर्जन और पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करने का निर्देश संबंधित पदाधिकारियों को दिया गया।

 

अधिकारियों ने आम नागरिकों से भी अपील की कि वे पर्व को शांति, सौहार्द और अनुशासन के साथ मनाएं तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत प्रशासन या पुलिस को दें।
फ्लैग मार्च का मुख्य उद्देश्य आम जनता में सुरक्षा की भावना को मजबूत करना और असामाजिक तत्वों को यह संदेश देना है कि जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क, सक्रिय और तैयार है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *