बाल विवाह मुक्ति जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर किया गया रवाना

जिले को बाल विवाह मुक्त बनाने की दिशा में जिला प्रशासन की बड़ी पहल

प्रतिनिधि, जहानाबाद।
जिले में बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति को जड़ से समाप्त करने के उद्देश्य से गुरुवार को बाल विवाह मुक्ति जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। यह कार्यक्रम विकास भवन परिसर में आयोजित हुआ, जहां जहानाबाद की उप विकास आयुक्त डॉ. प्रीति, अनुमंडल पदाधिकारी श्री राजीव रंजन सिन्हा, श्रम अधीक्षक श्री मृत्युंजय झा, बाल कल्याण समिति के सदस्य श्री संजय सिन्हा एवं ग्राम स्वराज्य समिति घोषी के सचिव श्री राम शंकर शर्मा ने संयुक्त रूप से जागरूकता रथ को रवाना किया।

इस अवसर पर उप विकास आयुक्त डॉ. प्रीति ने बताया कि यह जागरूकता रथ जिले के सभी पंचायतों, गांवों, प्रखंड मुख्यालयों, महाविद्यालयों, विद्यालयों, धार्मिक स्थलों (मंदिर, मस्जिद, चर्च), सरस्वती पूजा पंडालों एवं अन्य सार्वजनिक स्थानों पर भ्रमण करेगा। इसके माध्यम से आमजन को बाल विवाह से होने वाले दुष्परिणामों, कानूनी प्रावधानों तथा इससे बचाव के उपायों के प्रति जागरूक किया जाएगा।

रथ को सूचना, शिक्षा एवं संचार (IEC) से संबंधित सामग्री से सुसज्जित किया गया है, जिसमें बाल विवाह निषेध से जुड़े भारत सरकार और राज्य सरकार के अधिनियम, अध्यादेश एवं दंडात्मक प्रावधानों की विस्तृत जानकारी प्रदर्शित की गई है। इसका उद्देश्य है कि लोग कानून को समझें और बाल विवाह को रोकने में सक्रिय भूमिका निभाएं।

कार्यक्रम में बताया गया कि भारत सरकार द्वारा 27 नवंबर 2024 को “बाल विवाह मुक्त भारत अभियान” की शुरुआत की गई थी, जिसका लक्ष्य वर्ष 2030 तक देश को बाल विवाह मुक्त बनाना है। इस संकल्प की प्रथम वर्षगांठ पर केंद्र सरकार द्वारा 100 दिवसीय जन-जागरूकता अभियान की घोषणा की गई है। इसी क्रम में जहानाबाद जिले में ग्राम स्वराज्य समिति घोषी, जस्ट राइट फॉर चिल्ड्रेन एलायंस के सहयोग से ‘एक्सेस टू जस्टिस फॉर चिल्ड्रेन’ कार्यक्रम के तहत पिछले दो वर्षों से निरंतर कार्य कर रही है।

संस्थाओं द्वारा जिला स्तरीय पदाधिकारियों, पंचायत प्रतिनिधियों, धर्म गुरुओं, शिक्षकों, छात्र-छात्राओं, आंगनवाड़ी सेविकाओं एवं आशा कार्यकर्ताओं को जागरूक करने के साथ-साथ उन्हें बाल विवाह, बाल श्रम और बाल व्यापार जैसी सामाजिक बुराइयों को समाप्त करने हेतु शपथ दिलाई जा रही है। जन जागरूकता बढ़ाने के लिए पंचायत एवं ग्राम स्तर पर बाल कल्याण एवं संरक्षण समिति का गठन, सामुदायिक बैठकें, कैंडल मार्च, प्रभात फेरी और पदयात्रा जैसे कार्यक्रम भी आयोजित किए जा रहे हैं।

जानकारी दी गई कि यह जागरूकता रथ 08 मार्च 2026 तक जिले के विभिन्न क्षेत्रों में भ्रमण करेगा और लोगों को बाल विवाह मुक्त जिला बनाने के संदेश को जन-जन तक पहुंचाएगा। साथ ही समाज के सभी वर्गों से इस अभियान में भागीदारी निभाने की अपील की गई।

कार्यक्रम के अंत में प्रशासन एवं सामाजिक संगठनों ने संयुक्त रूप से आह्वान किया कि सभी नागरिक मिलकर जहानाबाद को बाल विवाह मुक्त जिला बनाने में सहयोग करें और जिले के गौरव को बढ़ाएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *