लाइन-डे में वरीय पुलिस अधीक्षक ने की अनुशासन और कार्यप्रणाली की समीक्षा

छपरा
वरीय पुलिस अधीक्षक, सारण द्वारा बुधवार को पुलिस केंद्र में लाइन-डे का आयोजन किया गया। इस दौरान पुलिस पदाधिकारियों एवं कर्मियों की उपस्थिति, अनुशासन, वेशभूषा और कार्य निष्पादन की गहन समीक्षा की गई। साथ ही उनकी व्यक्तिगत एवं विभागीय समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए मौके पर ही कई मामलों का समाधान किया गया।
लाइन-डे के क्रम में वरीय पुलिस अधीक्षक ने पुलिसकर्मियों से संवाद कर उनकी समस्याओं की जानकारी ली और आवश्यकतानुसार मानवीय आधार पर अवकाश भी स्वीकृत किया। उन्होंने कहा कि पुलिस बल का मनोबल ऊंचा रखना और उनकी समस्याओं का समय पर समाधान करना प्राथमिकता है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने निर्देश दिया कि अब प्रत्येक बुधवार और शनिवार को पुलिस लाइन में नियमित रूप से लाइन-डे का आयोजन किया जाएगा, ताकि अनुशासन सुदृढ़ बना रहे और कार्य गुणवत्ता में निरंतर सुधार हो सके।
उन्होंने सभी पुलिस पदाधिकारियों एवं कर्मियों को निर्देश दिया कि लाइन-डे में उपस्थिति अनिवार्य रूप से सुनिश्चित करें। यह व्यवस्था समस्याओं के त्वरित समाधान, प्रशासनिक पारदर्शिता और पुलिसिंग को अधिक प्रभावी बनाने में सहायक सिद्ध होगी।
