जीरो माइल–पातर व जीरो माइल–असनी पथ चौड़ीकरण एवं ड्रेनेज कार्य का डीएम ने लिया जायजा

आरा (भोजपुर)।
आज दिनांक 30 जनवरी 2026 को जिला पदाधिकारी, भोजपुर श्री तनय सुल्तानिया द्वारा माननीय मुख्यमंत्री, बिहार की प्रगति यात्रा के दौरान घोषित विभिन्न विकास योजनाओं का स्थल निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के क्रम में जीरो माइल–पातर पथ एवं जीरो माइल–असनी पथ के चौड़ीकरण कार्य के साथ-साथ स्टॉर्म वाटर ड्रेनेज सिस्टम के निर्माण कार्यों की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गई।
जिला पदाधिकारी ने कार्यस्थल पर मौजूद संबंधित पदाधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि सभी निर्माण कार्यों में तेजी लाई जाए तथा गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता न किया जाए। उन्होंने यह भी कहा कि सभी योजनाओं को निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूर्ण करना प्रशासन की प्राथमिकता है, ताकि आम लोगों को जल्द से जल्द इसका लाभ मिल सके।
स्टॉर्म वाटर ड्रेनेज सिस्टम के निर्माण कार्य को ससमय पूरा कराने के लिए जिला पदाधिकारी ने बिहार शहरी विकास निगम लिमिटेड (बुडको) के कार्यपालक अभियंता एवं नगर आयुक्त, नगर निगम आरा को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ड्रेनेज व्यवस्था मजबूत होने से जलजमाव की समस्या से लोगों को राहत मिलेगी और शहर की यातायात व्यवस्था भी सुचारू होगी।
वहीं पथ चौड़ीकरण कार्य के संबंध में जिला पदाधिकारी ने पुल निर्माण विभाग के अभियंता को अविलंब सड़क की मार्किंग कराते हुए कार्य प्रारंभ करने का निर्देश दिया। साथ ही यह भी कहा गया कि सड़क चौड़ीकरण का कार्य तय समय-सीमा के भीतर पूरा किया जाए, ताकि आवागमन में होने वाली असुविधा को कम किया जा सके।
निरीक्षण के दौरान उप विकास आयुक्त श्रीमती गुंजन सिंह, अनुमंडल पदाधिकारी आरा सदर, विशेष कार्य पदाधिकारी, डीआरडीए निदेशक (एनईपी), कार्यपालक अभियंता (पथ प्रमंडल), कार्यपालक अभियंता (बुडको), कार्यपालक अभियंता (नगर निगम), अंचलाधिकारी आरा सदर, अंचलाधिकारी उदवंतनगर सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी मौजूद रहे।
निरीक्षण के माध्यम से प्रशासन ने यह संदेश दिया कि विकास कार्यों में पारदर्शिता, गुणवत्ता और समयबद्धता को लेकर किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *