बेगूसराय को मिला अन्य पिछड़ा वर्ग कन्या आवासीय +2 विद्यालय का नया परिसर

बेगूसराय।
पिछड़ा एवं अति पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग, बिहार के अंतर्गत संचालित अन्य पिछड़ा वर्ग कन्या आवासीय +2 उच्च विद्यालय का स्थानांतरण अब बेगूसराय जिले के बखरी प्रखंड अंतर्गत घाघरा स्थित नवनिर्मित परिसर में कर दिया गया है। इससे पूर्व यह विद्यालय समस्तीपुर जिले के परिसर में संचालित किया जा रहा था।
विभागीय अधिकारियों के अनुसार, इस विद्यालय के स्थानांतरण से बेगूसराय सहित आसपास के क्षेत्रों की पिछड़े एवं अति पिछड़े वर्ग की छात्राओं को बेहतर शैक्षणिक और आवासीय सुविधाओं का सीधा लाभ मिलेगा। नया परिसर आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित है, जहां छात्राओं के सर्वांगीण विकास पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
पिछड़ा एवं अति पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग के तहत राज्य के प्रत्येक जिले में इस प्रकार के आवासीय विद्यालय संचालित किए जा रहे हैं। इन विद्यालयों में उन्हीं छात्राओं का नामांकन किया जाता है, जो बिहार की मूल निवासी हों, पिछड़ा अथवा अति पिछड़ा वर्ग से आती हों तथा जिनके परिवार की वार्षिक आय तीन लाख रुपये से कम हो।
विद्यालय में कक्षा 6 से कक्षा 12 तक निःशुल्क शिक्षा प्रदान की जाती है। इसके साथ ही छात्राओं के लिए आवास, भोजन, खेलकूद, सुरक्षा की समुचित व्यवस्था की गई है। शैक्षणिक गुणवत्ता को बेहतर बनाने के लिए विद्यालय में स्मार्ट क्लास, योग, संगीत सहित अन्य सहगामी गतिविधियों की भी सुविधा उपलब्ध है।
नामांकन के इच्छुक अभ्यर्थियों को जाति प्रमाण पत्र, आवासीय प्रमाण पत्र, आय प्रमाण पत्र एवं आधार कार्ड के साथ ऑनलाइन आवेदन करना अनिवार्य है। नामांकन प्रक्रिया वर्तमान में जारी है, जिसकी अंतिम तिथि 9 फरवरी निर्धारित की गई है। अधिक जानकारी के लिए अभ्यर्थी बेगूसराय समाहरणालय स्थित विकास भवन के अंतर्गत जिला कल्याण कार्यालय में संपर्क कर सकते हैं।
इस अवसर पर जिला पिछड़ा एवं अति पिछड़ा वर्ग कल्याण पदाधिकारी मो. रिजवान अहमद, अनुमंडल कल्याण पदाधिकारी बखरी निशांत आनंद, सदर के अनंत कुमार, बलिया के अमरजीत सिंह, तेघड़ा के सुमित कुमार सुमन, विद्यालय के प्राचार्य मनोज कुमार सहित आलोक कुमार, नवीन, लक्ष्मण एवं विभाग के कई अन्य पदाधिकारी और कर्मी उपस्थित थे।
