माघी पूर्णिमा पर बरारी गंगा घाटों पर श्रद्धालुओं का सैलाब, सुरक्षा के कड़े इंतजाम

भागलपुर।
माघी पूर्णिमा के पावन अवसर पर बरारी स्थित गंगा घाटों पर शनिवार सुबह से लेकर रविवार शाम तक श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। आस्था की डुबकी लगाने के लिए स्थानीय श्रद्धालुओं के साथ-साथ सरदार समुदाय के लोग भी बड़ी संख्या में गंगा घाटों पर पहुंचे। पूरे क्षेत्र में भक्ति और श्रद्धा का माहौल बना रहा।

श्रद्धालुओं की लगातार बढ़ती भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आया। किसी भी संभावित अप्रिय घटना से निपटने के उद्देश्य से बरारी सीढ़ी घाट, बरारी पुल घाट, मूसहरी घाट एवं कालीघाट पर एसडीआरएफ की टीम, आपदा मित्रों तथा प्रशिक्षित गोताखोरों की तैनाती की गई। सुरक्षा कर्मी पूरे समय घाटों पर मुस्तैद रहे और स्थिति पर पैनी नजर बनाए रखी।

घाटों पर अत्यधिक भीड़ के कारण हादसे की आशंका बनी रहती है। इसे ध्यान में रखते हुए राहत एवं बचाव कार्य के लिए विशेष सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। गंगा में स्नान के दौरान किसी भी आपात स्थिति से तत्काल निपटने के लिए आवश्यक उपकरणों के साथ बचाव दलों को तैनात रखा गया है।

प्रशासन द्वारा लगातार निगरानी की जा रही है और लाउडस्पीकर के माध्यम से श्रद्धालुओं से सावधानी बरतने, गहरे पानी में न जाने तथा प्रशासन के निर्देशों का पालन करने की अपील की जा रही है। वहीं श्रद्धालुओं से शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित तरीके से गंगा स्नान संपन्न करने का अनुरोध किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *