टूटे पुल पर हाईवा खड़ी कर गिराई गई गिट्टी, भागलपुर–दुमका मुख्य मार्ग घंटों जाम

भागलपुर।
भागलपुर–दुमका मुख्य मार्ग पर शनिवार को उस समय अफरातफरी मच गई, जब टूटे पुल के समीप सड़क के बीच एक हाईवा गाड़ी खड़ी कर गिट्टी गिराई जाने लगी। इस कारण मार्ग पूरी तरह अवरुद्ध हो गया और देखते ही देखते सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। जाम की स्थिति कई घंटों तक बनी रही, जिससे आम लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

इस भीषण जाम का सबसे अधिक असर स्कूल जाने वाले शिक्षकों, छात्रों तथा दफ्तर जाने वाले कर्मचारियों पर पड़ा। कई छात्र समय पर विद्यालय नहीं पहुंच सके, जबकि कुछ छात्रों की स्कूल की छुट ही हो गई। वहीं कार्यालय जाने वाले कर्मचारी घंटों जाम में फंसे रहे, जिससे उनके दैनिक कार्य प्रभावित हुए।

जाम में फंसे राहगीरों और स्थानीय लोगों ने प्रशासनिक लापरवाही पर सवाल खड़े किए। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते प्रशासन अथवा स्थानीय थाना द्वारा हस्तक्षेप किया गया होता, तो स्थिति इतनी गंभीर नहीं होती। बताया जा रहा है कि घटनास्थल बायपास थाना से महज करीब तीन किलोमीटर की दूरी पर स्थित है, इसके बावजूद थाना के पदाधिकारी लगभग दो घंटे बाद मौके पर पहुंचे। उनके पहुंचने के बाद ही हाईवा को हटवाया गया और यातायात धीरे-धीरे सामान्य हो सका।

स्थानीय लोगों ने इसे थाना स्तर पर घोर लापरवाही बताया है। लोगों का आरोप है कि समय पर कार्रवाई नहीं होने के कारण बच्चों की पढ़ाई और कर्मचारियों के कामकाज पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ा। हालांकि जिला प्रशासन की ओर से जाम की समस्या से निजात दिलाने के लिए लगातार प्रयास किए जाने की बात कही जाती है, लेकिन जमीनी हकीकत यह है कि भागलपुरवासियों को अब तक जाम से स्थायी राहत नहीं मिल पाई है।

स्थानीय नागरिकों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि इस मामले की जांच कर लापरवाही बरतने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाए तथा भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए यातायात व्यवस्था को लेकर ठोस और प्रभावी कदम उठाए जाएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *