इंटर परीक्षा 2026: डीएम व एसएसपी ने भागलपुर के परीक्षा केंद्रों का किया निरीक्षण

भागलपुर, 02 फरवरी 2026।
इंटरमीडिएट वार्षिक परीक्षा–2026 को कदाचारमुक्त एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से सोमवार को जिलाधिकारी , भागलपुर एवं वरीय पुलिस अधीक्षक, भागलपुर द्वारा जिले के विभिन्न परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी एवं वरीय पुलिस अधीक्षक ने परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी निगरानी, प्रवेश–निकास व्यवस्था, प्रश्नपत्रों के सुरक्षित वितरण तथा उत्तर पुस्तिकाओं के संकलन की प्रक्रिया का बारीकी से जायजा लिया। अधिकारियों ने केंद्राधीक्षकों एवं तैनात दंडाधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि परीक्षा संचालन में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
अधिकारियों ने कहा कि परीक्षा के दौरान कदाचार रोकने के लिए सभी आवश्यक उपाय किए गए हैं। केंद्रों पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है, वहीं संवेदनशील केंद्रों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। परीक्षार्थियों की सघन जांच, निषिद्ध सामग्री पर पूर्ण प्रतिबंध तथा निर्धारित दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
निरीक्षण के क्रम में अधिकारियों ने परीक्षार्थियों से भी संवाद किया और उनसे शांतिपूर्ण माहौल में परीक्षा देने की अपील की। साथ ही उन्होंने परीक्षा ड्यूटी में लगे पदाधिकारियों एवं कर्मियों से समन्वय बनाकर कार्य करने को कहा, ताकि परीक्षा निष्पक्ष, पारदर्शी और व्यवस्थित तरीके से संपन्न हो सके।
प्रशासन ने आमजन से भी अपील की है कि परीक्षा अवधि के दौरान परीक्षा केंद्रों के आसपास अनावश्यक भीड़ न लगाएं और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें। जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन ने संयुक्त रूप से आश्वस्त किया कि इंटरमीडिएट वार्षिक परीक्षा–2026 को सफलतापूर्वक संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए गए हैं।
