सात निश्चय-3 के तहत शिक्षा को नई दिशा, सभी प्रखंडों में खुलेंगे डिग्री कॉलेज


पटना।
राज्य सरकार ने सात निश्चय-3 के चौथे निश्चय ‘उन्नत शिक्षा-उज्ज्वल भविष्य’ के तहत उच्च शिक्षा को सुलभ और सशक्त बनाने की दिशा में बड़ा फैसला लिया है। इसके अंतर्गत राज्य के सभी प्रखंडों में चरणबद्ध तरीके से डिग्री कॉलेज खोलने का निर्णय लिया गया है, जिससे छात्रों, विशेषकर लड़कियों, को उच्च शिक्षा प्राप्त करने में सुविधा मिल सके।

वर्तमान में राज्य के कुल 534 प्रखंडों में से 213 प्रखंडों में कोई भी अंगीभूत या संबद्ध डिग्री कॉलेज संचालित नहीं है। इसे गंभीरता से लेते हुए सरकार ने प्रथम चरण में इन सभी 213 प्रखंडों में डिग्री कॉलेज खोलने तथा जुलाई 2026 तक शैक्षणिक सत्र प्रारंभ करने का निर्देश दिया है।

इसके साथ ही राज्य के पुराने एवं प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थानों को सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के रूप में विकसित करने का भी निर्णय लिया गया है। इस योजना के तहत कुल 55 शिक्षण संस्थानों का चयन किया गया है। इन संस्थानों के शैक्षणिक, भौतिक एवं अकादमिक उन्नयन के लिए योजनाबद्ध ढंग से कार्रवाई की जा रही है।

सरकार ने निर्देश दिया है कि चयनित शिक्षण संस्थानों में पूर्व से कार्यरत अनुभवी शिक्षकों, वर्तमान छात्र-छात्राओं एवं शिक्षाविदों से विमर्श कर उनके सुझाव प्राप्त किए जाएं, ताकि संस्थानों को आधुनिक एवं रोजगारपरक शिक्षा केंद्र के रूप में विकसित किया जा सके।

सरकार का मानना है कि राज्य के सभी प्रखंडों में डिग्री कॉलेज की स्थापना से उच्च शिक्षा के लिए दूर-दराज जाने की मजबूरी समाप्त होगी, जिससे लड़कियों की उच्च शिक्षा में भागीदारी और अधिक बढ़ेगी। वहीं प्रतिष्ठित संस्थानों को सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के रूप में विकसित किए जाने से युवाओं को रोजगारोन्मुख शिक्षा प्राप्त होगी और इन संस्थानों का गौरव पुनः स्थापित होगा।

इस पहल से न केवल राज्य की उच्च शिक्षा व्यवस्था मजबूत होगी, बल्कि राज्य के चहुंमुखी विकास को भी नई गति मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *