जगदीशपुर थाना का एसपी नगर ने किया निरीक्षण, अपराध नियंत्रण को लेकर दिए सख्त निर्देश

भागलपुर।
पुलिस अधीक्षक नगर, भागलपुर द्वारा आज जगदीशपुर थाना का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान थाना में लंबित एवं निष्पादित कांडों की विस्तृत समीक्षा की गई तथा अनुसंधान की प्रगति का बारीकी से जायजा लिया गया। एसपी नगर ने संबंधित पदाधिकारियों को अनुसंधान में गुणवत्ता और समयबद्धता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
निरीक्षण के क्रम में पुलिस अधीक्षक नगर ने क्षेत्र में अपराध नियंत्रण को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से नियमित एवं सघन गश्ती अभियान चलाने पर विशेष बल दिया। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि आम जनता में सुरक्षा की भावना मजबूत हो।
एसपी नगर ने ड्रग्स के अवैध कारोबार, अवैध शराब के निर्माण एवं तस्करी, अवैध खनन तथा अवैध परिवहन पर कड़ी निगरानी रखने का निर्देश देते हुए कहा कि इन गतिविधियों में संलिप्त तत्वों के विरुद्ध सख्त एवं त्वरित कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि ऐसे अपराध सामाजिक व्यवस्था को कमजोर करते हैं और इन्हें किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
इसके साथ ही थाना कर्मियों को आम जनता से बेहतर समन्वय स्थापित करने, लोगों की शिकायतों का समयबद्ध निष्पादन करने तथा कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने हेतु पूरी तत्परता एवं संवेदनशीलता के साथ कार्य करने का निर्देश दिया गया। एसपी नगर ने कहा कि पुलिस का व्यवहार जनता के प्रति मित्रवत एवं सहयोगात्मक होना चाहिए।
निरीक्षण के दौरान थाना के सभी पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे। पुलिस अधीक्षक नगर ने साफ शब्दों में कहा कि कार्य में लापरवाही किसी भी स्तर पर स्वीकार्य नहीं होगी।
