बाराहाट में बिजली विभाग की बड़ी कार्रवाई : मीटर बाईपास कर बिजली चोरी करते दो उपभोक्ता पकड़े गए

बाराहाट : बिजली चोरी के खिलाफ विभाग ने सख्त रुख अपनाते हुए मंगलवार को बड़ी कार्रवाई की। बाराहाट विद्युत आपूर्ति प्रशाखा की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर दो उपभोक्ताओं को मीटर बाईपास कर अवैध रूप से बिजली उपयोग करते रंगे हाथों पकड़ा। दोनों के खिलाफ स्थानीय थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।
कनीय विद्युत अभियंता रवि शंकर शर्मा के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने ग्राम बाराहाट और धर्मडीहा में औचक निरीक्षण किया। टीम में प्रमोद कुमार राम, बिनोद कुमार चौधरी, तुलसी कुमार मंडल एवं बिनय कुमार चौधरी शामिल थे।

जांच के दौरान बाराहाट के सोनडीहा दक्षिणी निवासी उपेंद्र ठाकुर द्वारा मीटर को दरकिनार कर टोक फंसाकर बिजली का अवैध उपयोग किया जा रहा था। इससे विभाग को लगभग 53,503 रुपये के राजस्व की क्षति हुई। वहीं धर्मडीहा निवासी संजय कुमार पंडित के यहां भी मीटर बाईपास कर बिजली चोरी करते हुए पाया गया, जिससे विभाग को 42,679 रुपये का नुकसान हुआ।

दोनों मामलों में कुल 96,182 रुपये की वसूली की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। बिजली विभाग ने इसे गंभीर अपराध बताते हुए भारतीय विद्युत अधिनियम 2003 की धारा 135 के तहत दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कराया है।
कनीय विद्युत अभियंता रवि शंकर शर्मा ने कहा कि बिजली चोरी के विरुद्ध यह अभियान आगे भी जारी रहेगा, ताकि राजस्व हानि को रोका जा सके और ईमानदार उपभोक्ताओं को बेहतर सेवा मिल सके।

वहीं थाना अध्यक्ष अशोक कुमार ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है तथा आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *