प्रथम प्रयास में BPSC परीक्षा पास कर मयंक बने राजस्व पदाधिकारी, भागलपुर का बढ़ाया मान

भागलपुर। शहर के भीखनपुर निवासी मयंक कुमार ने बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) की परीक्षा में प्रथम प्रयास में सफलता हासिल कर राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग में राजस्व पदाधिकारी (Revenue Officer) के पद पर चयनित होकर भागलपुर का नाम रोशन किया है। उनकी इस उपलब्धि से परिवार, मित्रों और क्षेत्र के लोगों में खुशी का माहौल है।

मयंक कुमार ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा के बाद दिल्ली विश्वविद्यालय से स्नातक की पढ़ाई पूरी की। इसके बाद उन्होंने पूरी लगन, अनुशासन और नियमित अध्ययन के साथ बीपीएससी परीक्षा की तैयारी की। कठिन परिश्रम और आत्मविश्वास के बल पर उन्होंने अपने पहले ही प्रयास में यह महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त की।

अपनी सफलता पर मयंक कुमार ने कहा कि यह उपलब्धि उनके लिए गर्व के साथ-साथ बड़ी जिम्मेदारी भी है। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, शिक्षकों और शुभचिंतकों के मार्गदर्शन तथा सहयोग को दिया। उन्होंने कहा कि सरकारी सेवा में रहते हुए वे पूरी ईमानदारी और निष्ठा के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करेंगे तथा अपने कार्यों के माध्यम से भागलपुर और बिहार का नाम और ऊंचा करने का प्रयास करेंगे।

मयंक की इस सफलता की खबर मिलते ही परिजनों, रिश्तेदारों और शुभचिंतकों ने उन्हें बधाई दी। क्षेत्र के लोगों ने इसे युवाओं के लिए प्रेरणादायक उपलब्धि बताते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *