मुख्यमंत्री के वर्चुअल उद्घाटन कार्यक्रम में लापरवाही पर बीईओ और प्रधानाचार्य पर कार्रवाई, एक दिन का वेतन कटेगा

भागलपुर, प्रतिनिधि।
मुख्यमंत्री के वर्चुअल कार्यक्रम में आवश्यक तैयारियां नहीं करने के मामले में जिलाधिकारी ने जगदीशपुर के प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी (बीईओ) और पूरण झा उच्च विद्यालय, बैजानी के प्रधानाचार्य के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की है। दोनों अधिकारियों से स्पष्टीकरण मांगा गया है तथा 19 जुलाई 2026 के वेतन की कटौती करते हुए इसकी प्रविष्टि सेवा पुस्तिका में दर्ज करने का निर्देश जारी किया गया है।
जिलाधिकारी द्वारा जारी पत्र के अनुसार, 19 जुलाई को मुख्यमंत्री द्वारा बेगूसराय से राज्य के 551 सरस्वती विद्या निकेतन (आदर्श विद्यालय) का वर्चुअल उद्घाटन किया गया था। इस कार्यक्रम के सफल संचालन के लिए संबंधित अधिकारियों को पूर्व में ही इंटरनेट कनेक्टिविटी, विद्युत की वैकल्पिक व्यवस्था तथा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से जुड़ी सभी आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया था।
जिलाधिकारी ने स्वयं जगदीशपुर प्रखंड के पूरण झा उच्च विद्यालय, बैजानी में आयोजित कार्यक्रम में भाग लिया। निरीक्षण के दौरान पाया गया कि विद्यालय में इंटरनेट कनेक्टिविटी की समुचित व्यवस्था नहीं थी। साथ ही बिजली की वैकल्पिक व्यवस्था भी नहीं की गई थी। इसके कारण कार्यक्रम के दौरान वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग उपकरण चार बार बंद हो गया। अंततः जिलाधिकारी को अपने मोबाइल इंटरनेट के माध्यम से मुख्यमंत्री के ऑनलाइन उद्घाटन कार्यक्रम में शामिल होना पड़ा।
पत्र में कहा गया है कि यह स्थिति उच्चाधिकारियों के आदेश की अवहेलना, कार्य के प्रति लापरवाही तथा मनमाने ढंग से कार्य करने को दर्शाती है। दोनों अधिकारियों से पूछा गया है कि आखिर किस परिस्थिति में कार्यक्रम स्थल पर इंटरनेट कनेक्टिविटी एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित नहीं की गईं।
जिलाधिकारी ने जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (स्थापना), जिला शिक्षा पदाधिकारी एवं वरीय कोषागार पदाधिकारी को भी पत्र की प्रतिलिपि भेजते हुए संबंधित अधिकारियों का एक दिन का वेतन काटने, सेवा पुस्तिका में इसकी प्रविष्टि करने तथा कार्रवाई की सूचना शीघ्र उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है। यह कार्रवाई शिक्षा विभाग में अधिकारियों की जवाबदेही तय करने की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
