शाहकुंड के कन्या आवासीय विद्यालय में छात्राओं ने सीखे आपदा प्रबंधन और प्राथमिक उपचार के गुर, पांच दिवसीय प्रशिक्षण संपन्न

भागलपुर/शाहकुंड। शाहकुंड स्थित अन्य पिछड़ा वर्ग कन्या आवासीय +2 उच्च विद्यालय में भारत स्काउट एवं गाइड का पांच दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम मंगलवार को संपन्न हो गया। प्रशिक्षण के दौरान छात्राओं को प्राथमिक उपचार, आपदा प्रबंधन, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक सेवा से जुड़े महत्वपूर्ण कौशल सिखाए गए।

समापन समारोह में जिला पिछड़ा एवं अति पिछड़ा वर्ग कल्याण पदाधिकारी एजाज आलम ने झंडोत्तोलन किया। इसके बाद छात्राओं ने बिहार गीत प्रस्तुत किया। अधिकारियों ने कहा कि स्काउट एवं गाइड प्रशिक्षण से छात्राओं में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, आत्मनिर्भरता और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित होती है। प्रशिक्षण प्राप्त छात्राओं को स्कार्फ और प्रमाण-पत्र भी वितरित किए गए।

इस अवसर पर जिला पिछड़ा एवं अति पिछड़ा वर्ग कल्याण पदाधिकारी एजाज आलम और अनुमंडल पिछड़ा एवं अति पिछड़ा वर्ग कल्याण पदाधिकारी (मुख्यालय) रेखा कुमारी ने विद्यालय का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने छात्राओं से बातचीत कर उनकी समस्याओं की जानकारी ली और समाधान का आश्वासन दिया।

साथ ही शिक्षकों को शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार और छात्राओं को बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने विद्यालय परिसर में जीविका के माध्यम से संचालित भोजनालय का भी निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *