मुंगेर में 6.8 किलो चांदी लूटकांड का खुलासा, मास्टरमाइंड समेत तीन गिरफ्तार; 2.3 किलो चांदी के आभूषण बरामद

मुंगेर। मुंगेर पुलिस ने संग्रामपुर थाना क्षेत्र के नवगाई में हुए 6 किलो 800 ग्राम चांदी के आभूषण लूटकांड का खुलासा करते हुए मास्टरमाइंड समेत तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपितों के पास से लूटे गए 2 किलो 300 ग्राम चांदी के आभूषण और एक मोबाइल फोन बरामद किया गया है। पुलिस जांच में सामने आया है कि लूट की पूरी साजिश तारापुर स्थित ओम ज्वेलर्स के पूर्व कर्मचारी भोला सोनार ने रची थी। इस वारदात में शामिल छह अन्य अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।
गुरुवार को एसपी सैयद इमरान मसूद ने प्रेस वार्ता में बताया कि 28 अक्टूबर को तारापुर के ओम ज्वेलर्स के दो कर्मचारी बाइक से संग्रामपुर, बेलहर और साहेबगंज के विभिन्न ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में आभूषण दुकानों पर चांदी की सप्लाई देने जा रहे थे। इसी दौरान संग्रामपुर थाना क्षेत्र के नवगाई स्थित मुर्गा फार्म के पास तीन बाइक पर सवार करीब नौ अपराधियों ने हथियार के बल पर कर्मचारियों को रोक लिया। इसके बाद बाइक की डिक्की में रखे करीब 6 किलो 800 ग्राम चांदी के आभूषण लूटकर सभी अपराधी फरार हो गए।
घटना के बाद पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर सीसीटीवी फुटेज और वैज्ञानिक अनुसंधान के आधार पर जांच शुरू की। मामले के उद्भेदन के लिए तारापुर एसडीपीओ देवेंद्र कुमार के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने चार नवंबर को छापेमारी कर तीन आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान वासुदेवपुर थाना क्षेत्र के चंडिका स्थान निवासी नीरज उर्फ निरू सहनी, तारापुर पुरानी बाजार निवासी भोला सोनार और भागलपुर जिले के कहलगांव थाना क्षेत्र के काजीचक निवासी रोशन कुमार सहनी के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, भोला सोनार पहले ओम ज्वेलर्स में काम करता था। वर्ष 2020 में चाल-चलन ठीक नहीं रहने के कारण उसे दुकान से हटा दिया गया था। इसके बाद उसने तारापुर में अपनी अलग दुकान खोल ली थी। पूर्व में दुकान में काम करने के दौरान उसे कारोबार और आभूषणों की सप्लाई से जुड़ी गतिविधियों की जानकारी थी। इसी जानकारी का फायदा उठाकर उसने लूट की साजिश रची। पुलिस ने नीरज उर्फ निरू सहनी को इस कांड का मास्टरमाइंड बताया है। गिरफ्तार भोला सोनार के पास से दो किलो तथा रोशन कुमार सहनी के पास से 300 ग्राम चांदी के आभूषण बरामद किए गए हैं।
एसपी ने बताया कि लूटे गए आभूषणों का कुछ हिस्सा आरोपितों ने बेच दिया था। वारदात में शामिल छह अन्य अपराधियों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। वहीं, नीरज की तलाश में पूरबसराय के कमेला रोड स्थित एक घर में छापेमारी के दौरान पुलिस ने 20 कारतूस बरामद किए और मु. सलाम को गिरफ्तार किया। हालांकि, चांदी लूटकांड में उसकी संलिप्तता सामने नहीं आई है।
छापेमारी दल में एसडीपीओ देवेंद्र कुमार, थानाध्यक्ष विनोद कुमार झा सहित जिला आसूचना इकाई के अधिकारी और पुलिस बल के जवान शामिल थे। एसपी ने कांड का सफल उद्भेदन करने वाली पुलिस टीम को पुरस्कृत करने की बात कही है।
