भागलपुर में बाल दिवस पर युवा कांग्रेस की अनूठी पहल, महादलित टोला के बच्चों के बीच बांटी पाठ्य सामग्री और मिठाइयां

भागलपुर। पंडित जवाहरलाल नेहरू की जयंती एवं बाल दिवस के अवसर पर भागलपुर युवा कांग्रेस की ओर से खुटहा पंचायत के महादलित टोला में कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान बच्चों के बीच कॉपी, कलम एवं अन्य पाठ्य सामग्री वितरित की गई। साथ ही मिठाइयां बांटकर बच्चों के साथ बाल दिवस की खुशियां साझा की गईं।

कार्यक्रम की अध्यक्षता सुमित कुमार साह ने की, जबकि समाजसेवी अंकित कुमार ने संचालन किया। पाठ्य सामग्री और मिठाइयां पाकर बच्चों के चेहरे खिल उठे। इस अवसर पर बच्चों को नियमित रूप से पढ़ाई करने और अपने लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया गया।

कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि पंडित जवाहरलाल नेहरू बच्चों से विशेष लगाव रखते थे। वे बच्चों को देश का भविष्य मानते थे और शिक्षा को राष्ट्र निर्माण का महत्वपूर्ण आधार समझते थे। उनकी इसी सोच को आगे बढ़ाते हुए बच्चों के बीच शैक्षणिक सामग्री का वितरण किया गया।

आयोजकों ने कहा कि समाज के हर बच्चे को शिक्षा का समान अवसर मिलना चाहिए। आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चों को प्रोत्साहित करना और उन्हें पढ़ाई के लिए जरूरी संसाधन उपलब्ध कराना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। बच्चों के चेहरे पर मुस्कान और उनके भविष्य को बेहतर बनाने का प्रयास ही बाल दिवस मनाने का वास्तविक उद्देश्य है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *