मुजफ्फरपुर में DM कुमार गौरव ने किया विकास योजनाओं का निरीक्षण, तुर्की पावर सब स्टेशन का काम 10 दिनों में पूरा करने का निर्देश

मुजफ्फरपुर: जिलाधिकारी कुमार गौरव ने गुरुवार को कुढ़नी प्रखंड में संचालित विभिन्न विकासात्मक एवं लोक-कल्याणकारी योजनाओं का स्थल निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता, अद्यतन प्रगति और निर्धारित समय-सीमा की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को सभी कार्य गुणवत्तापूर्ण ढंग से समय पर पूरा करने का निर्देश दिया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने सबसे पहले तुर्की में निर्माणाधीन 2×10 एमवीए क्षमता वाले विद्युत शक्ति उपकेंद्र (पावर सब स्टेशन) का जायजा लिया। करीब 10.90 करोड़ रुपये की लागत से निर्माणाधीन इस उपकेंद्र के कार्यों की गुणवत्ता और प्रगति की समीक्षा की गई। विद्युत अधीक्षण अभियंता को शेष कार्य 10 दिनों के अंदर पूरा कर फिनिशिंग टच देने का निर्देश दिया गया।
अधिकारियों ने बताया कि इस पावर सब स्टेशन से चार 11 केवी फीडर निकाले जाएंगे, जिनके माध्यम से तुर्की एवं आसपास के क्षेत्रों में बेहतर बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जाएगी। इसके चालू होने से लो-वोल्टेज की समस्या में कमी आएगी तथा घरेलू, कृषि और वाणिज्यिक उपभोक्ताओं को गुणवत्तापूर्ण बिजली उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।
इसके बाद जिलाधिकारी ने सेवा संकल्प एवं कायाकल्प अभियान के तहत रजला पोखर के सौंदर्यीकरण, पार्क विकास, ग्रामीण हाट के जीर्णोद्धार और नए आंगनबाड़ी केंद्र के निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। उन्होंने पोखर के आसपास साफ-सफाई, पार्क में हरियाली, बैठने की व्यवस्था और अन्य बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने का निर्देश दिया।
जिलाधिकारी ने मध्य विद्यालय कुढ़नी, राजकीयकृत उच्चतर माध्यमिक प्लस-2 विद्यालय कुढ़नी तथा राजकीय बुनियादी विद्यालय चंद्रहट्टी का भी निरीक्षण किया। इस दौरान विद्यालयों में अनुरक्षण, मरम्मत एवं विकास कार्यों की समीक्षा की गई। उन्होंने विद्यार्थियों की जरूरतों के अनुसार कक्षाओं, शौचालय, पेयजल, खेल मैदान और अन्य आधारभूत सुविधाओं को सुदृढ़ करने पर जोर दिया।
मुजफ्फरपुर जिले में 5,896 योजनाओं पर हो रहा काम
जिलाधिकारी ने बताया कि सेवा संकल्प एवं कायाकल्प अभियान के तहत पूरे मुजफ्फरपुर जिले में कुल 5,896 योजनाओं को शामिल किया गया है। इनमें शिक्षा विभाग की 3,140, ग्रामीण विकास विभाग की 1,016, पंचायती राज विभाग की 709, स्वास्थ्य विभाग की 519, पीएचईडी की 189, समाज कल्याण विभाग की 146, नगर विकास एवं आवास विभाग की 150, अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति कल्याण विभाग की 25 तथा पिछड़ा वर्ग एवं अत्यंत पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग की दो योजनाएं शामिल हैं।
वहीं, कुढ़नी प्रखंड में विभिन्न विभागों की कुल 591 योजनाओं पर काम चल रहा है। अभियान के तहत पुराने भवनों का जीर्णोद्धार, रंग-रोगन, मरम्मत एवं अनुरक्षण के साथ-साथ नए भवनों, संपर्क पथों और जल निकासी से संबंधित परिसंपत्तियों का निर्माण कराया जा रहा है।
लापरवाही मिलने पर होगी कार्रवाई
जिलाधिकारी ने कहा कि सेवा संकल्प एवं कायाकल्प अभियान सरकार का महत्वपूर्ण जनोपयोगी मिशन है। इसका उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत संरचनाओं को मजबूत करना और आम लोगों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है।
उन्होंने बताया कि योजनाओं की प्रगति एवं गुणवत्ता की निगरानी के लिए जिला स्तरीय टास्क फोर्स गठित है। इसकी नियमित बैठक के माध्यम से कार्यों की समीक्षा की जाती है। जिलाधिकारी स्वयं भी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा कर रहे हैं तथा क्षेत्र भ्रमण के दौरान औचक निरीक्षण करते हैं।
उन्होंने अधिकारियों को आम जनता से नियमित संवाद स्थापित करने, उनका फीडबैक एवं सुझाव प्राप्त करने तथा योजनाओं को जनता की जरूरतों के अनुरूप पूरा करने का निर्देश दिया। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि कार्यों में शिथिलता, लापरवाही या अनियमितता मिलने पर संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय कर कार्रवाई की जाएगी।
जिलाधिकारी ने कहा कि विकासात्मक एवं लोक-कल्याणकारी योजनाओं का सफल क्रियान्वयन जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी पदाधिकारी सजग, तत्पर और प्रतिबद्ध होकर निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण कार्य पूरा करें।
मुजफ्फरपुर जिला प्रशासन का लक्ष्य विकास योजनाओं को समय पर धरातल पर उतारकर आम जनता को बेहतर बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराना है।
