मध्य विद्यालय जगदीशपुर में संविधान एवं नशामुक्ति दिवस पर विविध कार्यक्रम आयोजित, बच्चों ने निकाली जागरूकता प्रभात फेरी

भागलपुर (जगदीशपुर)। संविधान दिवस एवं नशामुक्ति दिवस के अवसर पर मध्य विद्यालय जगदीशपुर तथा कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय जगदीशपुर में विभिन्न जागरूकता एवं रचनात्मक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस दौरान प्रभात फेरी, विशेष चेतना सत्र, चित्रांकन, रंगोली, परिचर्चा एवं क्विज प्रतियोगिता के माध्यम से छात्र-छात्राओं को संविधान के महत्व और नशामुक्त समाज के निर्माण के प्रति जागरूक किया गया।

कार्यक्रम की शुरुआत प्रधानाध्यापक आशुतोष चंद्र मिश्र के नेतृत्व में प्रभात फेरी निकालकर की गई। इसमें विद्यालय के छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों ने भाग लिया। थाना जगदीशपुर के पुलिस उप निरीक्षक अमरजीत कुमार की उपस्थिति में बच्चों ने नशामुक्ति से संबंधित नारे लगाते हुए विद्यालय के पोषक क्षेत्र में भ्रमण किया और आम लोगों को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक किया।

वहीं, संविधान दिवस के अवसर पर विद्यालय में विशेष चेतना सत्र आयोजित किया गया। इसमें छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों ने सामूहिक रूप से भारतीय संविधान की प्रस्तावना का पाठ किया। इस दौरान छात्राओं रितु, परी एवं श्रेया ने संविधान सभा के अध्यक्ष डॉ. राजेंद्र प्रसाद, प्रारूप समिति के अध्यक्ष डॉ. बाबासाहेब भीमराव अंबेडकर तथा संविधान निर्माण से जुड़े महत्वपूर्ण तथ्यों को साझा किया।

चेतना सत्र को संबोधित करते हुए प्रधानाध्यापक आशुतोष चंद्र मिश्र ने कहा कि संविधान ने हमें अधिकारों के साथ-साथ कर्तव्यों की भी जिम्मेदारी दी है। हम अपने अधिकारों का सही अर्थों में उपयोग तभी कर सकते हैं, जब अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से पालन करें। कर्तव्यों के प्रति सजग रहकर ही हम देश की उन्नति और विकास में अपना सार्थक योगदान दे सकते हैं।

मध्यांतर के बाद शिक्षिका प्रज्ञा, शाहिना खातून एवं प्रतिमा मिश्रा के नेतृत्व में चित्रांकन, रंगोली, परिचर्चा तथा क्विज प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इन गतिविधियों के माध्यम से बच्चों ने अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन करने के साथ संविधान के मूल्यों और नशामुक्ति के महत्व को समझा।

इस अवसर पर वार्डेन सापन कुमारी, शिक्षिका फूल कुमारी, वीवी नाहिदा, प्रज्ञा, शाहिना खातून, प्रतिमा मिश्रा, भारती कुमारी, नेहा कुमारी, शिक्षक निर्भय कुमार, राजीव कुमार सहित विद्यालय के सभी छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *