अंतरराष्ट्रीय बाल विवाह विरोधी दिवस पर जगदीशपुर में जागरूकता अभियान, 1900 लोगों ने लिया बाल विवाह खत्म करने का संकल्प

भागलपुर/जगदीशपुर। भारत को वर्ष 2030 तक बाल विवाह मुक्त बनाने के राष्ट्रीय संकल्प को धरातल पर उतारने के उद्देश्य से अंतरराष्ट्रीय बाल विवाह विरोधी दिवस के अवसर पर भागलपुर जिले में व्यापक जागरूकता अभियान चलाया गया। इस अवसर पर नागरिक समाज संगठन मुक्ति निकेतन भागलपुर-कटोरिया-बांका की ओर से जगदीशपुर सहित जिले के विभिन्न क्षेत्रों में जागरूकता एवं शपथ ग्रहण कार्यक्रम आयोजित किए गए। अभियान के तहत जिले में कुल 300 जागरूकता और शपथ ग्रहण कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लेकर बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति को समाप्त करने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम में बाल विवाह से बचाई गई लड़कियों, बाल विवाह रुकवाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाली महिलाओं तथा जमीनी स्तर पर सामाजिक बदलाव की अगुवाई कर रही महिला नेतृत्वकर्ताओं ने सक्रिय भागीदारी निभाई। इस दौरान अपने बाल विवाह को रुकवाने वाली बहादुर बेटियों को सम्मानित कर उनके साहस और जागरूकता की सराहना की गई। कार्यक्रम में धर्मगुरुओं सहित समाज के विभिन्न वर्गों के लोगों ने हिस्सा लेकर बाल विवाह के खिलाफ एकजुटता प्रदर्शित की।

इस अवसर पर महिला एवं बाल विकास निगम के जिला कार्यक्रम प्रबंधक मनीष शंकर, उत्क्रमित माध्यमिक विद्यालय महम्मदपुर के प्रधानाध्यापक कृत्यानंद पोद्दार तथा मध्य विद्यालय जगदीशपुर के प्रधानाध्यापक आशुतोष चंद्र मिश्रा सहित अन्य लोगों की उपस्थिति रही। वक्ताओं ने कहा कि बाल विवाह बच्चों के अधिकारों, शिक्षा, स्वास्थ्य और उनके स्वतंत्र भविष्य के लिए गंभीर चुनौती है। इसे समाप्त करने के लिए समाज के प्रत्येक व्यक्ति को अपनी जिम्मेदारी समझनी होगी।

अभियान के तहत निकाले गए कैंडल मार्च में बाल विवाह से प्रभावित महिलाओं, बच्चों, पुरुषों और समाज के विभिन्न वर्गों के करीब 1900 लोगों ने हिस्सा लिया। कैंडल मार्च के माध्यम से लोगों को बाल विवाह के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक किया गया। इस दौरान लोगों ने बाल विवाह नहीं करने और न ही इसमें किसी प्रकार की भागीदारी निभाने की शपथ ली। सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से भी समाज को यह संदेश दिया गया कि बच्चों का बचपन सुरक्षित रखना और उन्हें शिक्षा का अवसर देना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है।

इस जागरूकता अभियान की सबसे महत्वपूर्ण विशेषता यह रही कि इसमें केवल आम नागरिक ही नहीं, बल्कि विवाह समारोह से प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से जुड़े विभिन्न हितधारकों ने भी भागीदारी निभाई। पुरोहितों, मौलवियों, हलवाइयों, रसोइयों, सजावट का काम करने वालों, बैंड-बाजा संचालकों, टेंट व्यवसायियों और शादी के कार्ड छापने वाले प्रिंटिंग प्रेस संचालकों ने भी बाल विवाह के खिलाफ शपथ ली। सभी ने संकल्प लिया कि वे किसी भी बाल विवाह समारोह में अपनी सेवाएं नहीं देंगे। इसके साथ ही कहीं भी बाल विवाह की जानकारी मिलने पर तत्काल संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों को सूचित करेंगे।

मुक्ति निकेतन भागलपुर की ओर से बताया गया कि संगठन पिछले तीन वर्षों से सरकार और जस्ट राइट्स फॉर चिल्ड्रेन (जेआरसी) के साथ मिलकर बाल विवाह उन्मूलन के लिए लगातार काम कर रहा है। यह अभियान केवल एक सामाजिक अपराध को समाप्त करने तक सीमित नहीं है, बल्कि देश की बेटियों को उनका बचपन, शिक्षा, सुरक्षा और अपने भविष्य का चुनाव करने का अधिकार दिलाने की मुहिम है। संगठन का मानना है कि विकसित भारत का सपना तभी साकार होगा, जब बेटियां शिक्षित, सशक्त और आत्मनिर्भर बनेंगी। बाल विवाह इस लक्ष्य की प्राप्ति में एक बड़ी बाधा है। सरकार, प्रशासन और समाज के सामूहिक प्रयासों से भागलपुर को बाल विवाह मुक्त जिला बनाने का संकल्प दोहराया गया।

जस्ट राइट्स फॉर चिल्ड्रेन के राष्ट्रीय समन्वयक रवि कांत ने इस अभियान की वैश्विक उपलब्धि पर कहा कि चार सितंबर को संयुक्त राष्ट्र महासभा ने सर्वसम्मति से 27 नवंबर को ‘बाल, कम उम्र और जबरन विवाह के उन्मूलन के लिए अंतरराष्ट्रीय दिवस’ घोषित करने के प्रस्ताव को स्वीकार किया था। यह जेआरसी और उसके संस्थापक भुवन ऋभु के वर्षों के प्रयासों की महत्वपूर्ण वैश्विक उपलब्धि है। इस ऐतिहासिक प्रस्ताव के पारित होने के समय भुवन ऋभु भी प्रतिनिधिमंडल के साथ संयुक्त राष्ट्र में मौजूद थे। उन्होंने कहा कि भारत में बाल विवाह रोकने के लिए शुरू हुई मुहिम को अब वैश्विक स्तर पर मान्यता मिली है। यह इस बात का प्रमाण है कि सामाजिक बदलाव की शुरुआत स्थानीय स्तर से होती है, लेकिन सामूहिक प्रयासों से वह अंतरराष्ट्रीय आंदोलन का रूप ले सकता है।

जेआरसी के 300 से अधिक सहयोगी संगठन देश के 782 जिलों में बाल विवाह उन्मूलन के लिए जमीनी स्तर पर काम कर रहे हैं। नेटवर्क के अनुसार, पिछले तीन वर्षों में देशभर में साढ़े छह लाख से अधिक बाल विवाह रुकवाए गए हैं। वहीं, मुक्ति निकेतन भागलपुर ने स्थानीय प्रशासन के समन्वय और सहयोग से अकेले वर्ष 2024-25 में जिले में 300 बाल विवाह रुकवाने का दावा किया है।

राष्ट्रीय परिवार स्वास्थ्य सर्वेक्षण (एनएफएचएस-6) के आंकड़ों के अनुसार, राष्ट्रीय स्तर पर बाल विवाह की दर वर्ष 2019-21 में 23.3 प्रतिशत थी, जो वर्ष 2023-24 में घटकर 20.1 प्रतिशत रह गई। हालांकि भागलपुर जिले में वर्ष 2023-24 के दौरान यह आंकड़ा 36.3 प्रतिशत दर्ज किया गया। यह स्थिति जिले में बाल विवाह के खिलाफ और अधिक प्रभावी जागरूकता अभियान चलाने तथा प्रशासनिक और सामाजिक स्तर पर ठोस कदम उठाने की आवश्यकता को दर्शाती है।

कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों ने एक स्वर में संकल्प लिया कि बाल विवाह को रोकने के लिए वे अपने परिवार, गांव और समाज में जागरूकता फैलाएंगे। साथ ही बच्चों की शिक्षा, सुरक्षा और अधिकारों की रक्षा के लिए हर संभव प्रयास करेंगे। संदेश स्पष्ट था कि बाल विवाह मुक्त भारत का सपना तभी पूरा होगा, जब समाज का हर व्यक्ति इस मुहिम का हिस्सा बनेगा और किसी भी बच्चे का बचपन विवाह की जिम्मेदारियों के बोझ तले नहीं दबेगा।

मुक्ति निकेतन भागलपुर-कटोरिया-बांका बाल अधिकारों के संरक्षण के लिए काम करने वाले नागरिक समाज संगठनों के देश के बड़े नेटवर्क जस्ट राइट्स फॉर चिल्ड्रेन का सहयोगी संगठन है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed