कहलगांव थाना का एसएसपी ने किया औचक निरीक्षण, अपराध नियंत्रण को लेकर दिए सख्त निर्देश

भागलपुर, संवाददाता। वरीय पुलिस अधीक्षक, भागलपुर ने सोमवार को कहलगांव थाना का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान थाना में लंबित एवं निष्पादित कांडों की समीक्षा करते हुए अनुसंधान कार्यों की प्रगति का जायजा लिया गया। एसएसपी ने थाना में दर्ज मामलों के शीघ्र निष्पादन तथा अनुसंधान में तेजी लाने का निर्देश दिया।
निरीक्षण के क्रम में एसएसपी ने क्षेत्र में अपराध नियंत्रण को प्रभावी बनाने के लिए नियमित एवं सघन गश्ती अभियान चलाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि संदिग्ध गतिविधियों पर पैनी नजर रखी जाए तथा आपराधिक घटनाओं की रोकथाम के लिए पुलिस लगातार सक्रिय रहे।
इसके साथ ही ड्रग्स तस्करी, अवैध शराब निर्माण एवं शराब कारोबार पर कड़ी निगरानी रखते हुए त्वरित एवं सख्त कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया। उन्होंने कहा कि ऐसे अवैध धंधों में संलिप्त लोगों के खिलाफ कानून के तहत कठोर कदम उठाए जाएं।
एसएसपी ने थाना कर्मियों को आम जनता के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने, लोगों की शिकायतों का समयबद्ध निष्पादन करने तथा क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूरी तत्परता से कार्य करने का निर्देश दिया।
निरीक्षण के दौरान थाना के सभी पदाधिकारी एवं पुलिसकर्मी मौजूद रहे।
