ग्रामीण सड़कों एवं पुल निर्माण की समीक्षा, गुणवत्ता और समयसीमा पर मंत्री ने दिया जोर

पटना: पटना स्थित ग्रामीण कार्य विभाग के मुख्यालय के बैठक कक्ष में बुधवार को विभागीय योजनाओं की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता ग्रामीण कार्य मंत्री सुनील कुमार ने की। इस दौरान विभाग के सचिव, अपर सचिव सहित सभी वरीय पदाधिकारी मौजूद रहे।
बैठक में ग्रामीण सड़कों एवं पुलों के निर्माण कार्यों की प्रगति, गुणवत्ता एवं समयसीमा को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। मंत्री सुनील कुमार ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि सभी निर्माण कार्य उच्च गुणवत्ता के साथ निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरे किए जाएं, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन की सुविधा और बेहतर हो सके।
उन्होंने कहा कि विकास योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। साथ ही निर्माण कार्यों में बिहार के संवेदकों को प्राथमिकता देने पर विशेष बल दिया गया। मंत्री ने अधिकारियों को योजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग करने एवं कार्यों में पारदर्शिता बनाए रखने का निर्देश दिया।
बैठक में विभिन्न जिलों में चल रही सड़क एवं पुल परियोजनाओं की प्रगति रिपोर्ट की समीक्षा की गई। अधिकारियों ने कई योजनाओं की वर्तमान स्थिति एवं आगामी कार्ययोजना की जानकारी मंत्री को दी।
मंत्री ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर सड़क संपर्क से लोगों को आवागमन, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं व्यापार में सुविधा मिलेगी। सरकार ग्रामीण आधारभूत संरचना को मजबूत बनाने के लिए लगातार प्रयासरत है।
बैठक के अंत में योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन एवं कार्यों में तेजी लाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *