नवगछिया में मिनी गन फैक्ट्री का भंडाफोड़, चार हथियार तस्कर गिरफ्तार

नवगछिया। नवगछिया पुलिस ने अवैध हथियारों के कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए बिहपुर थाना क्षेत्र के टेकबाजपुर दियारा में संचालित एक मिनी गन फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने एसटीएफ के साथ संयुक्त छापेमारी कर चार हथियार तस्करों को गिरफ्तार किया है। मौके से बड़ी संख्या में तैयार और अर्धनिर्मित हथियार, मैगजीन, जिंदा कारतूस तथा हथियार बनाने में प्रयुक्त उपकरण बरामद किए गए हैं।
जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक नवगछिया के निर्देश पर जिले में अवैध हथियार निर्माण और तस्करी के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में चार अगस्त को बिहपुर थाना पुलिस एवं एसटीएफ की संयुक्त टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर टेकबाजपुर दियारा में छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान वहां संचालित अवैध मिनी गन फैक्ट्री का खुलासा हुआ।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से 11 देसी पिस्टल, चार अर्धनिर्मित पिस्टल, 16 मैगजीन, दो जिंदा कारतूस तथा हथियार निर्माण में उपयोग होने वाले कई मशीनरी और अन्य उपकरण बरामद किए। पुलिस ने मौके से चार आरोपियों को गिरफ्तार किया, जिनमें मुंगेर और भागलपुर जिले के रहने वाले लोग शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। पूछताछ के आधार पर हथियारों के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान की जा रही है। इस मामले में आर्म्स एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है तथा फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
जांच में यह भी सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपियों में से एक का पूर्व से आपराधिक इतिहास रहा है और उसके विरुद्ध आर्म्स एक्ट के कई मामले दर्ज हैं। पुलिस उसके आपराधिक नेटवर्क और अन्य सहयोगियों के संबंध में भी जानकारी जुटा रही है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में अवैध हथियार निर्माण और तस्करी में शामिल किसी भी गिरोह को बख्शा नहीं जाएगा। ऐसे अपराधियों के खिलाफ आगे भी विशेष अभियान जारी रहेगा।
