बांका के फुल्लीडुमर में सुधा होल डे मिल्क पार्लर का उद्घाटन, डीएम अंशुल अग्रवाल ने स्वास्थ्य केंद्र का किया औचक निरीक्षण

बांका से ऋषभ की खबर। बिहार सरकार की महत्वाकांक्षी योजना सात निश्चय-2 के तहत बांका जिले में जनसुविधाओं के विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल की गई है। फुल्लीडुमर प्रखंड स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परिसर में नवनिर्मित सुधा होल डे मिल्क पार्लर का उद्घाटन जिला पदाधिकारी अंशुल अग्रवाल ने फीता काटकर किया। इस अवसर पर विमुल (भागलपुर) के अध्यक्ष अशोक यादव, प्रबंध निदेशक डॉ. जितेंद्र कुमार तथा बांका डेयरी के विपणन प्रभारी के. झा उपस्थित रहे।
मिल्क पार्लर के उद्घाटन के बाद डीएम अंशुल अग्रवाल ने कहा कि इसके शुरू होने से स्थानीय लोगों और अस्पताल में आने वाले मरीजों एवं उनके परिजनों को निर्धारित दर पर शुद्ध सुधा दूध तथा अन्य दुग्ध उत्पाद आसानी से उपलब्ध हो सकेंगे। इससे लोगों को दैनिक जरूरतों के लिए बेहतर सुविधा मिलेगी।
उद्घाटन कार्यक्रम के बाद जिला पदाधिकारी ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फुल्लीडुमर का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड, ऑपरेशन थिएटर (ओटी), लेबर रूम, रजिस्ट्रेशन काउंटर, ओपीडी और आईपीडी का जायजा लिया। इसके अलावा भव्या पोर्टल के संचालन, एएनएम की स्थिति तथा आशा कार्यकर्ताओं के कार्यों की भी समीक्षा की।
डीएम ने अस्पताल परिसर में साफ-सफाई, पेयजल, निर्बाध बिजली आपूर्ति, सुरक्षा व्यवस्था और एंबुलेंस की उपलब्धता की जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान प्रभारी चिकित्सक ने अस्पताल की चारदीवारी और परिसर में नेटवर्क की समस्या से जिला पदाधिकारी को अवगत कराया। इस पर डीएम ने संबंधित अधिकारियों को समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
लेबर रूम के निरीक्षण के दौरान जानकारी मिली कि वहां कुल आठ प्रसव हो चुके थे। इसके बाद जिला पदाधिकारी ने प्रसव कक्ष और एनसी वार्ड में मौजूद प्रसूताओं से सीधे बातचीत की तथा उनका हालचाल जाना। उन्होंने महिलाओं से अस्पताल में उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं और स्वास्थ्य सेवाओं के संबंध में जानकारी ली।
निरीक्षण के अंत में जिला पदाधिकारी ने चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों को मरीजों के प्रति संवेदनशील व्यवहार रखने, अस्पताल की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने और मरीजों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।
बांका जिले में इस पहल से एक ओर अस्पताल परिसर में दूध एवं दुग्ध उत्पादों की उपलब्धता बढ़ेगी, वहीं दूसरी ओर स्वास्थ्य केंद्र की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने पर प्रशासन का जोर दिखाई दिया।
