बाबा बूढ़ानाथ मंदिर में विधि-विधान से संपन्न हुई सरकारी पूजा, पट खुलते ही उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़


भागलपुर, संवाददाता। श्रावण मास की पावन बेला में बुधवार सुबह भागलपुर के ऐतिहासिक बाबा बूढ़ानाथ मंदिर में पूरे विधि-विधान एवं वैदिक परंपरा के साथ सरकारी पूजा संपन्न हुई। प्रातः पांच बजे से शुरू हुए विशेष धार्मिक अनुष्ठान में भगवान शिव का गंगाजल, पंचामृत, फल-फूल एवं अन्य पूजन सामग्रियों से अभिषेक किया गया। सरकारी पूजा और महाआरती के उपरांत जैसे ही मंदिर के कपाट श्रद्धालुओं के लिए खोले गए, बाबा बूढ़ानाथ के दर्शन और जलाभिषेक के लिए भक्तों की लंबी कतारें लग गईं।
पूजा-अर्चना महंत शिवनारायण गिरि के सान्निध्य में पंडित अभिषेक पांडेय द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के बीच संपन्न कराई गई। मंत्रों की गूंज से पूरा मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण में सराबोर हो गया। पंचामृत स्नान के बाद भगवान शिव का दूध, दही, घृत, मधु, शर्करा, गंगाजल एवं ताजे पुष्पों से भव्य श्रृंगार किया गया, जिसे देखने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
सरकारी पूजा के दौरान मंदिर प्रबंधन ने श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा को लेकर विशेष व्यवस्था की थी। मंदिर प्रबंधक बाल्मिकी सिंह एवं उनकी टीम ने कतारबद्ध दर्शन, प्रवेश एवं निकास की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की, जिससे श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ा।
आरती के बाद मंदिर के पट खुलते ही श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। “हर-हर महादेव”, “जय बाबा बूढ़ानाथ” और “ॐ नमः शिवाय” के जयघोष से पूरा मंदिर परिसर गूंज उठा। भक्तों ने बाबा पर गंगाजल, बेलपत्र, धतूरा एवं पुष्प अर्पित कर परिवार की सुख-समृद्धि, आरोग्य और मंगल की कामना की।
श्रावण मास के कारण मंदिर में प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। प्रशासन एवं मंदिर प्रबंधन द्वारा भीड़ प्रबंधन, सुरक्षा और सुचारु दर्शन व्यवस्था को लेकर लगातार निगरानी रखी जा रही है, ताकि सभी श्रद्धालु शांतिपूर्ण वातावरण में भगवान शिव का दर्शन एवं जलाभिषेक कर सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *