भागलपुर के निवर्तमान डीएम डॉ. नवल किशोर चौधरी को भावभीनी विदाई
प्रमंडलीय आयुक्त बोले- कुशल नेतृत्व और टीम भावना से जिले को दी नई पहचान

भागलपुर, 22 जून। भागलपुर के निवर्तमान जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी के स्थानांतरण के उपरांत सोमवार को टाउन हॉल में विदाई-सह-सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में प्रमंडलीय आयुक्त प्रेम सिंह मीणा, पुलिस महानिरीक्षक, वरीय पुलिस अधीक्षक, उप विकास आयुक्त, जिला स्तरीय पदाधिकारी, विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

समारोह को संबोधित करते हुए प्रमंडलीय आयुक्त प्रेम सिंह मीणा ने कहा कि डॉ. नवल किशोर चौधरी एक ऊर्जावान, कर्मठ और दूरदर्शी प्रशासक हैं। उन्होंने अपने लगभग ढाई वर्ष के कार्यकाल में भागलपुर जिले को विकास और सुशासन की नई दिशा प्रदान की। सरकार की योजनाओं को प्रभावी ढंग से धरातल पर उतारने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही है।

उन्होंने कहा कि किसी भी प्रशासन की सफलता टीम वर्क पर आधारित होती है और डॉ. चौधरी ने हमेशा पूरी टीम को साथ लेकर कार्य किया। अधिकारियों एवं कर्मचारियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर सकारात्मक कार्य संस्कृति विकसित की, जिसका परिणाम यह रहा कि जिले में कई विकासात्मक एवं जनकल्याणकारी योजनाओं का सफल क्रियान्वयन हुआ।

प्रमंडलीय आयुक्त ने कहा कि बिहार ने सड़क, बिजली, पेयजल, ग्रामीण विकास और सामाजिक कल्याण के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है। अब उद्योग, पर्यटन और नगर विकास जैसे क्षेत्रों में भी व्यापक संभावनाएं हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि नगर विकास एवं आवास विभाग तथा ऊर्जा विभाग में नई जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हुए डॉ. चौधरी अपने अनुभव और कार्यकुशलता से राज्य के विकास में महत्वपूर्ण योगदान देंगे।

उन्होंने उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों से डॉ. चौधरी की कार्यशैली, संवेदनशीलता, जनसेवा की भावना और सामूहिक नेतृत्व की परंपरा को आगे बढ़ाने का आह्वान किया। कहा कि विकसित बिहार का लक्ष्य तभी साकार होगा, जब सभी अधिकारी और कर्मचारी पूरी निष्ठा एवं समर्पण के साथ टीम भावना में कार्य करेंगे।

समारोह के दौरान विभिन्न अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भी अपने अनुभव साझा किए। सभी ने डॉ. नवल किशोर चौधरी के सरल स्वभाव, प्रशासनिक दक्षता और नेतृत्व क्षमता की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। अंत में प्रमंडलीय आयुक्त ने उन्हें नई जिम्मेदारियों के लिए शुभकामनाएं देते हुए सफल एवं स्वस्थ जीवन की मंगलकामना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *