भागलपुर: मध्य विद्यालय जगदीशपुर में नवरात्रि उत्सव की धूम, मां दुर्गा के स्वरूप में सजे बच्चे, गरबा-डांडिया पर झूमे

भागलपुर/जगदीशपुर। नवरात्रि और दशहरा पर्व के अवकाश से पहले मध्य विद्यालय जगदीशपुर में नवरात्रि उत्सव धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने मां दुर्गा के विभिन्न स्वरूपों में सजकर आकर्षक प्रस्तुतियां दीं। बच्चों ने गरबा और डांडिया नृत्य के माध्यम से गुजरात की समृद्ध सांस्कृतिक परंपरा की झलक पेश की। रंग-बिरंगे परिधानों में सजे बच्चों की मनमोहक प्रस्तुतियों से पूरा विद्यालय परिसर उत्सव के रंग में रंग गया।
विद्यालय की शिक्षिका शाहिना खातून के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। कार्यक्रम में श्रेया, रितु, सुंदरम, स्नेहा, कोमल, संगम, वर्षा, काजल, पार्वती, सोनल, अंजली, प्रिया, तृषा, परी, निशा, आंचल, दीक्षा, चंचल, संध्या, शिवानी, राधिका और कोमल सहित अन्य बच्चों ने गरबा और डांडिया नृत्य की प्रस्तुति दी।
इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाध्यापक आशुतोष चंद्र मिश्र ने बताया कि विद्यालय में ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ कार्यक्रम संचालित किया जा रहा है। इसके तहत बच्चों को देश के विभिन्न राज्यों की सांस्कृतिक और सामाजिक परंपराओं से परिचित कराया जाता है। उन्होंने कहा कि नवरात्रि उत्सव के दौरान बच्चों ने गरबा और डांडिया नृत्य के माध्यम से गुजरात की संस्कृति और परंपराओं को समझने तथा सीखने का प्रयास किया।
प्रधानाध्यापक ने बताया कि विद्यालय में विभिन्न धर्मों के त्योहारों को भी उत्साहपूर्वक मनाया जाता है। ईद, होली, दीपावली, क्रिसमस और गुरुपर्व जैसे अवसरों पर आयोजित कार्यक्रमों के माध्यम से बच्चों को आपसी भाईचारे, सामाजिक समरसता, धार्मिक सद्भाव और धर्मनिरपेक्षता के संवैधानिक महत्व की जानकारी दी जाती है। इससे बच्चों में सभी धर्मों और संस्कृतियों के प्रति सम्मान की भावना विकसित होती है।
विद्यालय में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रमों को सफल बनाने में शिक्षिका वीणा कुमारी, शाहिना खातून, प्रज्ञा, प्रतिमा मिश्रा और भारती कुमारी का महत्वपूर्ण सहयोग रहता है। वहीं, नवरात्रि उत्सव के अवसर पर कक्षा प्रथम की नामित शिक्षिका प्रतिमा मिश्रा ने अपनी कक्षा के सभी बच्चों के बीच लेखन सामग्री का वितरण किया।
नवरात्रि उत्सव के आयोजन से बच्चों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिला। साथ ही सांस्कृतिक गतिविधियों के माध्यम से उन्हें भारतीय संस्कृति, विविधता में एकता और सामाजिक सद्भाव का व्यावहारिक ज्ञान भी प्राप्त हुआ।
