सीतामढ़ी में छठ घाटों की तैयारी का डीएम-एसपी ने लिया जायजा, सुरक्षा और स्वच्छता को लेकर दिए सख्त निर्देश

मेहसौल के लखनदेई नदी घाट से लेकर पुपरी के लाला पोखर और बुढ़नद नदी घाट तक अधिकारियों ने किया निरीक्षण, खतरनाक स्थानों पर लाल निशान और बैरिकेडिंग लगाने का निर्देश

सीतामढ़ी। लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा को सुरक्षित, स्वच्छ एवं व्यवस्थित वातावरण में संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में जिलाधिकारी तनय सुल्तानिया एवं नगर विधायक सुनील कुमार पिंटू ने सीतामढ़ी शहर के मेहसौल चौक स्थित लखनदेई नदी छठ घाट का संयुक्त रूप से निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने घाट पर चल रहे साफ-सफाई कार्यों एवं छठ महापर्व को लेकर की जा रही तैयारियों का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी एवं नगर विधायक ने घाटों की स्वच्छता, श्रद्धालुओं के आवागमन तथा व्रतियों के लिए उपलब्ध कराई जाने वाली सुविधाओं का अवलोकन किया। उन्होंने मौके पर मौजूद संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि छठ महापर्व से पहले सभी तैयारियां समयबद्ध तरीके से पूरी कर ली जाएं। घाटों की समुचित सफाई, सुगम आवागमन और श्रद्धालुओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने को कहा गया।

इस अवसर पर नगर आयुक्त जेपी सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।

वहीं, छठ महापर्व की तैयारियों के मद्देनजर जिलाधिकारी तनय सुल्तानिया एवं पुलिस अधीक्षक अमित रंजन ने पुपरी अनुमंडल क्षेत्र के विभिन्न छठ घाटों का संयुक्त रूप से स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण की शुरुआत पुपरी के लाला पोखर घाट से हुई। इसके बाद अधिकारियों ने बुढ़नद नदी घाट पहुंचकर वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने घाटों पर साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, बैरिकेडिंग, सुरक्षा प्रबंध एवं श्रद्धालुओं के लिए उपलब्ध कराई जाने वाली बुनियादी सुविधाओं की समीक्षा की। जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को निर्देश दिया कि छठ महापर्व शुरू होने से पहले सभी आवश्यक तैयारियां हर हाल में पूरी कर ली जाएं।

उन्होंने घाटों पर विशेष स्वच्छता बनाए रखने, व्रतियों एवं श्रद्धालुओं के लिए पर्याप्त रोशनी, स्वच्छ पेयजल तथा घाटों तक पहुंचने वाले रास्तों को सुगम बनाने पर विशेष जोर दिया। साथ ही नदी एवं तालाबों में जहां पानी की गहराई अधिक है या किसी प्रकार का खतरा है, वहां लाल निशान लगाकर डेंजर जोन के रूप में स्पष्ट चिह्नित करने का निर्देश दिया। ऐसे स्थानों पर आवश्यकतानुसार बैरिकेडिंग एवं सुरक्षा के अन्य इंतजाम भी सुनिश्चित करने को कहा गया।

जिलाधिकारी ने कहा कि छठ महापर्व लाखों लोगों की आस्था से जुड़ा हुआ है। इसलिए सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय और पूरी जिम्मेदारी के साथ कार्य करें। प्रशासन का प्रयास है कि जिले में छठ महापर्व शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हो तथा व्रतियों एवं श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा नहीं हो।

निरीक्षण के दौरान पुपरी के अनुमंडल पदाधिकारी गौरव कुमार, बीडीओ, सीओ, नगर परिषद जनकपुर रोड पुपरी के सभापति ब्रजेश कुमार जालान, कार्यपालक पदाधिकारी केशव गोयल, पुपरी थानाध्यक्ष रामनाथ प्रसाद, उपसभापति, वार्ड पार्षद सहित स्थानीय प्रशासन के अन्य अधिकारी एवं कर्मी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *