फारबिसगंज आयोजना क्षेत्र में GIS आधारित मास्टर प्लान की तैयारी को लेकर जिला प्रशासन की अहम बैठक
विभिन्न विभागों से मांगी गई परियोजनाओं की जानकारी और नवीनतम डेटा, समावेशी योजना निर्माण पर ज़ोर
अररिया

बिहार में आधुनिक और सटीक शहरी विकास योजनाओं को मूर्त रूप देने के लिए राज्य सरकार द्वारा GIS आधारित मास्टर प्लान की तैयारी की जा रही है। इसी कड़ी में शुक्रवार को अररिया समाहरणालय परिसर स्थित परमान सभागार में ‘फारबिसगंज आयोजना क्षेत्र’ के लिए GIS आधारित मास्टर प्लान निर्माण के प्रारंभिक चरण (Inception Report) को लेकर स्टेकहोल्डर्स बैठक का आयोजन किया गया।
इस बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी अररिया सह अध्यक्ष, फारबिसगंज/अररिया आयोजना क्षेत्र प्राधिकरण द्वारा की गई। बैठक का मुख्य उद्देश्य विभिन्न विभागों से आवश्यक फीडबैक प्राप्त करना, प्रस्तावित और चालू परियोजनाओं की जानकारी साझा करना तथा योजना के लिए अद्यतन डेटा की उपलब्धता सुनिश्चित करना रहा।
जिलाधिकारी ने दिए स्पष्ट निर्देश
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने मास्टर प्लान के Stage-1 प्रस्तुतीकरण को ध्यानपूर्वक देखा और सभी संबंधित विभागों को निर्देश दिया कि वे आवश्यक डेटा, नक्शे एवं योजनाओं की जानकारी जल्द से जल्द उपलब्ध कराएं। उन्होंने सभी विभागों से समन्वित एवं सटीक योजना निर्माण प्रक्रिया में सहयोग की अपेक्षा जताई।
इन विभागों ने दी जानकारी
बैठक में कृषि, पशुपालन, भवन निर्माण, विद्युत आपूर्ति, राजस्व, मत्स्य, शिक्षा, उद्योग, पथ निर्माण, स्वास्थ्य, वित्तीय सेवा, आपदा प्रबंधन, व्यापार एवं वाणिज्य, सिविल सर्जन कार्यालय, सर्किल ऑफिस, रेलवे डिविजन आदि विभागों से प्रतिनिधियों ने भाग लिया और संबंधित योजनाओं तथा संसाधनों की जानकारी साझा की।
नवीनतम डाटा पर विशेष बल
बैठक में यह भी निर्देशित किया गया कि सभी विभाग मास्टर प्लान हेतु अद्यतन भू-स्थानिक आंकड़े (GIS डेटा), भू-उपयोग, जल निकासी व्यवस्था, जनसंख्या घनत्व, बुनियादी ढांचे, स्वास्थ्य सेवाओं, सड़क नेटवर्क, बाजार स्थल, विद्यालयों व सार्वजनिक परिसंपत्तियों से संबंधित आंकड़ों को शीघ्र उपलब्ध कराएं।
इन अधिकारियों की रही भागीदारी
बैठक में सिविल सर्जन अररिया, जिला जन संपर्क पदाधिकारी, महाप्रबंधक, उद्योग केंद्र, सहायक निदेशक, सामाजिक सुरक्षा कोषांग, नगर परिषद अररिया एवं फारबिसगंज के कार्यपालक पदाधिकारी, तथा सभी जिला स्तरीय विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।
सरकार की पहल, भविष्य की दृष्टि
ज्ञात हो कि यह परियोजना “Preparation of GIS Based Master Plan in Bihar” योजना के तहत संचालित हो रही है, जिसका उद्देश्य बिहार के विभिन्न शहरी एवं अर्ध-शहरी क्षेत्रों में टिकाऊ, योजनाबद्ध एवं डिजिटल दृष्टिकोण से संचालित विकास को बढ़ावा देना है।
