मतदाता सूची सत्यापन हेतु जागरूकता रथ रवाना
डीएम अरविंद कुमार वर्मा ने दिखाई हरी झंडी
मतदाताओं को नाम जोड़ने, हटाने व सुधार की दी जाएगी जानकारी

मुंगेर | 08 जुलाई


जिले में चल रहे विशेष गहन मतदाता पुनरीक्षण अभियान को लेकर मंगलवार को समाहरणालय परिसर से जागरूकता रथ को जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह- जिलाधिकारी अरविंद कुमार वर्मा ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर उप निर्वाचन पदाधिकारी राजीव कुमार, स्वीप नोडल अधिकारी सुनीरा प्रसाद सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद थे।

डीएम ने बताया कि यह रथ जिले के विभिन्न पंचायतों, नगर निकाय क्षेत्रों एवं भीड़भाड़ वाले सार्वजनिक स्थलों पर जाकर आमजन को मतदाता सूची से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी देगा। इसके माध्यम से लोगों को बताया जाएगा कि कैसे वे अपने नाम की पुष्टि कर सकते हैं, नया नाम दर्ज करा सकते हैं, पुराने या गलत प्रविष्टि में संशोधन करा सकते हैं या फिर यदि कोई मृतक अथवा स्थानांतरित मतदाता का नाम हटाना है तो उसकी प्रक्रिया क्या है।

उन्होंने कहा कि मतदाता हेल्पलाइन ऐप, ई-मतदाता पहचान पत्र तथा राष्ट्रीय मतदाता सेवा पोर्टल (nvsp.in) की मदद से आमजन घर बैठे ही अपनी जानकारी अपडेट कर सकते हैं।

जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने बताया कि जागरूकता रथ का उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों को इस अभियान से जोड़ना है ताकि सभी योग्य नागरिकों का नाम मतदाता सूची में शामिल हो सके। उन्होंने कहा कि “लोकतंत्र की सच्ची ताकत उसके जागरूक मतदाताओं में निहित है।”

रथ के साथ प्रचार सामग्री, ऑडियो-विजुअल माध्यमों, स्लोगन और पोस्टर के जरिए नागरिकों को जागरूक किया जा रहा है। आने वाले दिनों में यह रथ जिले के सभी प्रखंडों और पंचायतों में भ्रमण करेगा।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *