हवेली खड़गपुर में अतिक्रमण के खिलाफ चला अभियान, कई दुकानदारों पर जुर्माना, सड़क खाली करने की चेतावनी

मुंगेर/हवेली खड़गपुर। मुंगेर जिले के हवेली खड़गपुर नगर परिषद क्षेत्र में सोमवार को सड़क किनारे किए गए अतिक्रमण के खिलाफ नगर परिषद प्रशासन ने अभियान चलाया। नगर परिषद की टीम ने खड़गपुर पुलिस के जवानों के सहयोग से मुख्य बाजार सहित विभिन्न स्थानों पर अतिक्रमण करने वाले दुकानदारों के खिलाफ कार्रवाई की। इस दौरान कई दुकानदारों के चालान काटकर जुर्माना लगाया गया। वहीं, अतिक्रमण में इस्तेमाल किए जा रहे सामान को जब्त करने की कार्रवाई भी की गई।
नगर परिषद के स्वच्छता पदाधिकारी मनीष कुमार के नेतृत्व में टीम ट्रैक्टर और जुर्माने की रसीद लेकर बाजार में निकली। अभियान के तहत नंदलाल बसु चौक से अंबेडकर चौक तक सड़क किनारे दुकानदारों द्वारा किए गए अतिक्रमण की जांच की गई। इस दौरान नंदलाल बसु चौक पुल और मुख्य बाजार में कई दुकानदारों के चालान काटे गए। नगर परिषद की टीम को कार्रवाई करते देख कई दुकानदार अपनी दुकानों के बाहर रखे सामान को समेटने लगे।
अभियान के दौरान नगर परिषद के अधिकारियों ने दुकानदारों को स्पष्ट निर्देश दिया कि सड़क किनारे बने नाले से आगे किसी भी प्रकार का अतिक्रमण नहीं किया जाए। बाजार में दुकान लगाने वाले दुकानदार निर्धारित स्थान पर ही अपनी दुकान लगाएं, ताकि सड़क पर वाहनों और पैदल यात्रियों के आवागमन में परेशानी नहीं हो।
नगर परिषद प्रशासन के अनुसार, बाजार क्षेत्र में सड़क किनारे अतिक्रमण के कारण यातायात व्यवस्था प्रभावित होती है और लोगों को जाम की समस्या का सामना करना पड़ता है। इसी समस्या को दूर करने और सड़क को अतिक्रमण मुक्त बनाने के उद्देश्य से यह अभियान चलाया गया।
अधिकारियों ने चेतावनी दी कि निर्देशों का पालन नहीं करने और दोबारा सड़क पर अतिक्रमण करने वाले दुकानदारों के खिलाफ आगे भी कार्रवाई की जाएगी। नगर परिषद का उद्देश्य बाजार क्षेत्र में यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाना और आम लोगों को जाम की समस्या से राहत दिलाना है।
