मतदाता सूची पुनरीक्षण को लेकर डीएम निखिल धनराज की अध्यक्षता में राजनीतिक दलों के साथ बैठक आयोजित
– विशेष संवाददाता, मुंगेर

मुंगेर, 01 अगस्त: आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर तैयारियों के तहत आज समाहरणालय सभागार में जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-जिला पदाधिकारी श्री निखिल धनराज निप्पणीकर की अध्यक्षता में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के जिला अध्यक्षों एवं सचिवों के साथ महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।

बैठक में जिले के अंतर्गत तीनों विधानसभा क्षेत्रों – 164-तारापुर, 165-मुंगेर और 166-जमालपुर – से संबंधित मतदाता सूची, बीएलए-2 घोषणा पत्र, मतदान केंद्रों की युक्तिकृत अंतिम सूची, हार्ड और सॉफ्ट कॉपी में प्रारूप निर्वाचक नामावली राजनीतिक दलों को उपलब्ध कराई गई।

प्रारूप सूची का गहन अवलोकन का निर्देश

डीएम ने सभी दलों से आग्रह किया कि 01 जुलाई 2025 की अर्हता तिथि के आधार पर 01 अगस्त 2025 को प्रकाशित प्रारूप मतदाता सूची का सूक्ष्म अवलोकन किया जाए। यदि कोई पात्र व्यक्ति सूची से वंचित है, तो प्रारूप-6, घोषणा पत्र (एनेक्सर D) और आवश्यक दस्तावेजों के साथ संबंधित बीएलओ या निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी के समक्ष आवेदन कराया जाए।

साथ ही यदि किसी अपात्र व्यक्ति का नाम सूची में दर्ज है, तो प्रारूप-7 में आपत्ति दाखिल करने की बात कही गई। नाम, पता आदि में संशोधन या मतदाता का स्थानांतरण दर्ज कराने हेतु प्रारूप-8 में आवेदन करने के लिए भी प्रेरित करने की अपील की गई। बिहार राज्य में बाहर से आए व्यक्तियों को प्रारूप-8 के साथ घोषणा पत्र भी देना होगा।

पुनरीक्षण अभियान में सहयोग की अपील

राजनीतिक दलों से विशेष गहन पुनरीक्षण 2025 के सफल क्रियान्वयन में सक्रिय सहयोग देने की अपील की गई। सभी दलों को इस बाबत एक लिखित अपील-पत्र भी सौंपा गया।

जिले में कुल मतदाताओं की स्थिति

जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने बताया कि विशेष गहन पुनरीक्षण के अंतर्गत मुंगेर जिले की तीनों विधानसभा क्षेत्रों में कुल 975222 मतदाता हैं:

  • 164-तारापुर:
    • बूथ: 412
    • पुरुष: 171794
    • महिला: 148760
    • थर्ड जेंडर: 09
    • कुल: 320563
  • 165-मुंगेर:
    • बूथ: 404
    • पुरुष: 176751
    • महिला: 156711
    • थर्ड जेंडर: 18
    • कुल: 333480
  • 166-जमालपुर:
    • बूथ: 392
    • पुरुष: 171549
    • महिला: 149619
    • थर्ड जेंडर: 11
    • कुल: 321179

इस प्रकार जिले में कुल 1208 मतदान केंद्रों पर 520094 पुरुष, 455090 महिला, और 38 थर्ड जेंडर मतदाता पंजीकृत हैं।

जिला प्रशासन ने सभी पात्र नागरिकों से अपील की है कि वे मतदाता सूची में अपना नाम सुनिश्चित करें और लोकतांत्रिक प्रक्रिया में भागीदारी सुनिश्चित करें।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *