बरारी में जदयू विधायक विजय सिंह का कार्यकर्ता सम्मेलन, भाजपा नेताओं की रही बड़ी मौजूदगी

मनोज कुमार साह कटिहार संवाददाता
बरारी विधानसभा क्षेत्र के जदयू विधायक विजय सिंह की अगुवाई में शुक्रवार को सेमापुर बाजार में भव्य कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और आमजन जुटे। खास बात यह रही कि सम्मेलन में भाजपा के कई वरिष्ठ नेता भी मौजूद रहे, जिससे स्थानीय राजनीतिक हलकों में चर्चा तेज हो गई है।
विधायक विजय सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि राज्य सरकार विकास और जनकल्याण के एजेंडे पर काम कर रही है। उन्होंने कहा कि जनता के विश्वास को बनाए रखना और उनके हितों के लिए लगातार संघर्ष करना ही उनकी प्राथमिकता है। विजय सिंह ने कार्यकर्ताओं से संगठन को मजबूत करने और घर-घर तक सरकार की योजनाओं को पहुंचाने का आह्वान किया।
सम्मेलन में पहुंचे भाजपा नेताओं ने भी अपने संबोधन में एनडीए की एकजुटता पर जोर दिया और कहा कि आने वाले विधानसभा चुनाव में गठबंधन की मजबूती जनता के भरोसे को और बढ़ाएगी। स्थानीय मुद्दों जैसे सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा और कृषि विकास पर भी चर्चा हुई।
इस मौके पर बड़ी संख्या में जदयू और भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम को लेकर पूरे क्षेत्र में उत्साह का माहौल रहा और सम्मेलन स्थल पर देर तक नारेबाजी व तालियों की गड़गड़ाहट गूंजती रही।
