सासाराम में उमड़ा जनसैलाब

जगदेव बाबू की शहादत पर राजनीतिक एकजुटता रैली, तेजस्वी यादव का सरकार पर हमला

सासाराम। बिहार लेनिन कहे जाने वाले शहीद जगदेव प्रसाद की शहादत दिवस पर शुक्रवार को सासाराम में राजनीतिक एकजुटता रैली का आयोजन किया गया। इस अवसर पर राजद नेता और पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने जनसभा को संबोधित किया।

सभा में उमड़ी भारी भीड़ से उत्साहित तेजस्वी यादव ने केंद्र और राज्य सरकार पर जोरदार हमला बोला। उन्होंने कहा कि 20 वर्षों की डबल इंजन एनडीए सरकार ने बिहार को गरीबी, बेरोजगारी, पलायन, अशिक्षा, अपराध और पिछड़ेपन का केंद्र बना दिया है। हर जाति और वर्ग नीतीश-मोदी सरकार में व्याप्त भ्रष्टाचार, घूसखोरी और प्रशासनिक अराजकता से त्रस्त है।

तेजस्वी यादव ने कहा कि हम समाजवादी लोग बाबू जगदेव कुशवाहा की शहादत को कभी भूल नहीं सकते। उन्होंने अपने हक और अधिकार की लड़ाई में जान कुर्बान कर दी थी। यदि वंचित, उपेक्षित, उत्पीड़ित और गरीब समाज एकजुट रहेगा, तो दलित-पिछड़ा और गरीब विरोधी ताकतों को हराकर अपने हक-अधिकार वाली सरकार चुनी जाएगी।

सभा में बड़ी संख्या में राजद कार्यकर्ता, समाजवादी विचारधारा से जुड़े लोग और आमजन शामिल हुए। मंच से वक्ताओं ने जगदेव प्रसाद के संघर्षों को याद करते हुए कहा कि उनकी विचारधारा आज भी प्रासंगिक है और सामाजिक न्याय की लड़ाई को आगे बढ़ाने के लिए प्रेरणा देती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *