कटिहार में शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ ईद-ए-मिलाद-उन-नबी का पर्व 

मनोज कुमार कटिहार संवाददाता

कटिहार। जिले में ईद-ए-मिलाद-उन-नबी का पर्व शुक्रवार को श्रद्धा और उल्लास के साथ शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ। सुबह से ही मस्जिदों में विशेष नमाज और दुआओं का आयोजन किया गया। बड़ी संख्या में अकीदतमंदों ने पैगंबर हज़रत मोहम्मद साहब की शिक्षाओं को याद करते हुए अमन और भाईचारे का संदेश दिया।

शहर के विभिन्न मोहल्लों और इलाकों से जुलूस निकाले गए, जिनमें बच्चे, युवा और बुजुर्ग सभी शामिल हुए। बच्चे हाथों में हरे झंडे और तख्तियां लिए चल रहे थे, वहीं महिलाएं अपने-अपने घरों से जुलूस का स्वागत करती दिखीं। पूरे शहर की फिज़ा नारे-ए-तकबीर, अल्लाहु अकबर और नारा-ए-रिसालत, या रसूल अल्लाह की गूंज से सराबोर रही।

जुलूस मजार शरीफ पहुंचने पर चादरपोशी और फातिहा पढ़ी गई। इसके बाद शिरनी वितरण किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने हिस्सा लिया। श्रद्धालुओं ने जरूरतमंदों के बीच मिठाई और खाद्य सामग्री भी बांटी।

त्योहार को लेकर प्रशासन की ओर से सुरक्षा के व्यापक इंतज़ाम किए गए थे। मुख्य चौक-चौराहों पर पुलिस बल तैनात था, वहीं भीड़ की निगरानी ड्रोन कैमरे से की गई। पुलिस अधिकारी लगातार गश्त करते रहे। सामाजिक संगठनों के कार्यकर्ता भी प्रशासन को सहयोग करते नज़र आए।

धार्मिक आयोजनों के बीच पूरे जिले में माहौल सौहार्दपूर्ण और शांतिपूर्ण बना रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *