डीएम-एसपी ने चुनावी तैयारियों का लिया जायजा, दिए कई आवश्यक निर्देश

पूर्णिया, 12 अक्टूबर
बिहार विधानसभा आम निर्वाचन 2025 के दृष्टिगत रविवार को जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिला पदाधिकारी श्री अंशुल कुमार (भा.प्र.से.) एवं पुलिस अधीक्षक सुश्री स्वीटी सेहरावत (भा.पु.से.) ने संयुक्त रूप से जिले में चल रही चुनावी तैयारियों का व्यापक स्थलीय निरीक्षण किया।
दोनों वरीय अधिकारियों ने जिला परिषद अतिथिगृह, सर्किट हाउस, पूर्णिया कॉलेज, जिला स्कूल, कोऑपरेटिव बैंक, व्यय कोषांग, ईवीएम वेयरहाउस तथा जिला नियंत्रण कक्ष का दौरा कर वहाँ चल रहे अद्यतन कार्यों का जायजा लिया।
निरीक्षण के क्रम में जिलाधिकारी श्री अंशुल कुमार ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि निर्वाचन संबंधी सभी कार्यों को गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध ढंग से पूर्ण किया जाए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक स्थल पर साफ-सफाई, आवश्यक सुविधाओं की उपलब्धता एवं सुरक्षा व्यवस्था का विशेष ध्यान रखा जाए।
पुलिस अधीक्षक सुश्री स्वीटी सेहरावत ने इस दौरान सुरक्षा एवं संचार व्यवस्था की समीक्षा करते हुए कहा कि चुनावी प्रक्रिया के दौरान कानून-व्यवस्था की स्थिति को बनाए रखने के लिए सभी थानों एवं नियंत्रण कक्षों को अलर्ट मोड में रखा जाए। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान दोनों अधिकारियों ने विभिन्न विभागों के नोडल पदाधिकारियों से भी बातचीत कर कार्य की प्रगति की जानकारी ली और उन्हें समय-समय पर जिला निर्वाचन पदाधिकारी को अद्यतन प्रतिवेदन प्रस्तुत करने का निर्देश दिया।
निरीक्षण के दौरान संबंधित कोषांगों के प्रभारी अधिकारी, अभियंता, नगर प्रशासन के पदाधिकारी एवं जिला प्रशासन के अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।
#BiharElection2025 #DM #SP #Purnea #ElectionPreparation
Election Commission of India | Chief Electoral Officer, Bihar
