आस्था का महापर्व छठ का शांतिपूर्ण समापन, उगते सूर्य को अर्घ्य देकर व्रतियों ने किया पूजन

रिपोर्ट —मनोज कुमार शाह कटिहार
लोक आस्था के महापर्व छठ का समापन आज उगते सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने के साथ श्रद्धा और उल्लास के वातावरण में हुआ। कटिहार जिले के विभिन्न छठ घाटों पर सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। व्रती महिलाओं ने भगवान भास्कर को अर्घ्य अर्पित कर परिवार और समाज की सुख-समृद्धि की कामना की।

शहर के बिजय बाबू पोखर, दुर्गा स्थान पोखर, नहर घाट, तथा आसपास के तालाबों और नहरों में भक्तों की भारी भीड़ देखी गई। श्रद्धालु महिलाओं ने सिर पर पूजा की टोकरी लिए पारंपरिक गीतों के साथ अर्घ्य अर्पित किया। छठव्रती मुन्नी देवी सहित हजारों श्रद्धालुओं ने पूरे विधि-विधान से पूजा संपन्न की।

प्रशासन द्वारा सुरक्षा और व्यवस्था के व्यापक इंतज़ाम किए गए थे। घाटों पर साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था और पुलिस बल की तैनाती के कारण पूरे जिले में छठ पूजा शांतिपूर्ण एवं श्रद्धा पूर्ण माहौल में संपन्न हुई।
लोगों ने एक-दूसरे को छठ पर्व की बधाई देते हुए पर्व की पवित्रता और एकता के संदेश को साझा किया।
