कुचायकोट पुलिस की बड़ी कार्रवाई: कंटेनर ट्रक से 5019 लीटर शराब बरामद, दो तस्कर गिरफ्तार

गोपालगंज | संवाददाता
बिहार में शराबबंदी लागू होने के बावजूद शराब तस्करी का अवैध नेटवर्क अब भी सक्रिय है। तस्कर विभिन्न राज्यों से शराब मंगाकर बिहार में खपाने की कोशिश करते रहते हैं। लेकिन पुलिस और उत्पाद विभाग लगातार अभियान चलाकर ऐसी कोशिशों को नाकाम कर रहे हैं। इसी क्रम में गोपालगंज पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है।
कुचायकोट थाना पुलिस ने एनएच-27 स्थित बलथरी चेकपोस्ट के पास वाहन जांच के दौरान एक कंटेनर ट्रक से 5019.48 लीटर विदेशी शराब बरामद की। पुलिस ने मौके से दो तस्करों को गिरफ्तार कर लिया। दोनों युवक भारी मात्रा में शराब लेकर मुजफ्फरपुर की ओर जा रहे थे।
गिरफ्तार तस्करों की पहचान
- जितेंद्र पासवान, उम्र 30 वर्ष, पिता स्व. फूलनधर पासवान
- बिरजू कुमार, उम्र 20 वर्ष, पिता जलनधर पासवान
निवासी – गनियारी, वार्ड नंबर 10, थाना सकरा, जिला मुजफ्फरपुर
पुलिस के अनुसार कंटेनर में भारी मात्रा में विदेशी शराब लोड की गई थी और तस्कर गोपालगंज होते हुए इसे मुजफ्फरपुर ले जा रहे थे। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने चेकपोस्ट पर वाहन को रोका। तलाशी के दौरान शराब से भरा बड़ा जखीरा मिलने के बाद कंटेनर को जब्त कर लिया गया।
कुचायकोट थाना अध्यक्ष दर्पण सुमन ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि यह शराब कहाँ से लोड की गई थी और इसे आगे किन तस्करों तक पहुंचाया जाना था।
शराबबंदी को सख्ती से लागू करने के लिए गोपालगंज पुलिस लगातार चेकिंग और विशेष अभियान चला रही है। पुलिस की इस कार्रवाई को शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है।
