बाराहाट में मिशन निपुण को गति: शिक्षकों को आधुनिक शिक्षण एवं मूल्यांकन तकनीक पर प्रशिक्षण

बाराहाट (बांका) ऋषभ कुमार गुप्ता संवाददाता
बाराहाट प्रखंड में मिशन निपुण बिहार को प्रभावी रूप से लागू करने और बच्चों की बुनियादी सीखने की क्षमता को बेहतर बनाने के उद्देश्य से शिक्षक उन्मुखीकरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम इन्वॉल्व लर्निंग सॉल्यूशंस फ़ाउंडेशन के सहयोग से आयोजित किया गया, जिसमें प्राथमिक एवं मध्य विद्यालयों के शिक्षकों ने सक्रिय रूप से भाग लिया।
कार्यक्रम के दौरान शिक्षकों को नई शैक्षणिक पद्धतियों, मूल्यांकन प्रक्रिया, सीखने के परिणामों की समीक्षा तथा गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुधार से संबंधित बिंदुओं पर प्रशिक्षण दिया गया। कार्यक्रम का संचालन इन्वॉल्व संस्था के प्रशिक्षक यशविंदर सिंह और अविनाश कुमार द्वारा किया गया। उन्होंने मिशन निपुण के उद्देश्य, PRAKH सर्वे, एनसीईआरटी बेसलाइन मूल्यांकन और सीखने के परिणामों की माप प्रक्रिया पर विस्तार से जानकारी दी।
प्रखंड संसाधन केंद्र के मिथलेश कुमार और रूपेश कुमार ने शिक्षकों को मिशन निपुण की गतिविधियों को समयबद्ध और प्रभावी रूप से लागू करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विद्यालय स्तर पर योजनाओं का बेहतर संचालन ही सीखने के स्तर में वास्तविक सुधार लाएगा।
सत्र के दौरान PRAKH सर्वे 2024 एवं एनसीईआरटी बेसलाइन रिपोर्ट में जिले के कमजोर प्रदर्शन पर भी समीक्षा हुई। प्रशिक्षकों ने इस बात पर जोर दिया कि आंकड़े केवल रिपोर्ट भरने के लिए नहीं, बल्कि कक्षा-स्तर की योजना, शिक्षक सहयोग और सुधार रणनीति का आधार होने चाहिए।
कार्यक्रम में ‘पीयर लर्निंग मॉडल’ पर भी व्यवहारिक प्रशिक्षण दिया गया। यह मॉडल विद्यार्थियों में नेतृत्व, सहयोग, संवाद तथा समस्या समाधान जैसे कौशल विकसित करने में सहायक माना जाता है।
प्रशिक्षण में शामिल शिक्षकों ने इसे उपयोगी और व्यवहारिक बताया। उन्होंने कहा कि इस तरह का उन्मुखीकरण मिशन निपुण के प्रभावी क्रियान्वयन में मददगार सिद्ध होगा और जिले में शिक्षा की गुणवत्ता बढ़ाने का मार्ग प्रशस्त करेगा।
इन्वॉल्व लर्निंग सॉल्यूशंस फ़ाउंडेशन द्वारा संचालित पीयर लर्निंग कार्यक्रम को शिक्षा के स्तर में सुधार की दिशा में एक सकारात्मक पहल माना जा रहा है।
