अमृत भारत व कुलिक एक्सप्रेस में विशेष टिकट जांच अभियान, 184 मामले पकड़े गए, ₹1.36 लाख जुर्माना वसूला

मालदा पूर्व रेलवे के मालदा मंडल द्वारा बिना टिकट व अनियमित यात्रा पर अंकुश लगाने के लिए निरंतर प्रभावी कदम उठाए जा रहे हैं। इसी क्रम में मंडलीय रेल प्रबंधक, मालदा मंडल, श्री मनीष कुमार गुप्ता के मार्गदर्शन एवं वरिष्ठ मंडलीय वाणिज्य प्रबंधक, श्री कार्तिक सिंह के पर्यवेक्षण में आज एक विशेष टिकट जांच अभियान चलाया गया।
रेलवे राजस्व की सुरक्षा तथा यात्रियों में अनुशासन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से 14 दिसंबर 2025 को ट्रेन संख्या 13434 अमृत भारत एक्सप्रेस एवं ट्रेन संख्या 13053 कुलिक एक्सप्रेस में मालदा टाउन से रामपुरहाट रेल खंड के बीच यह विशेष जांच अभियान आयोजित किया गया।
इस अभियान का नेतृत्व सहायक वाणिज्य प्रबंधक (टीसी), मालदा, श्री तपस कुमार बिस्वास ने किया। उनके साथ वाणिज्य निरीक्षक, टिकट जांच कर्मी तथा रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के जवान भी सक्रिय रूप से शामिल रहे।
गहन टिकट जांच के दौरान कुल 184 मामलों में अनियमित/बिना टिकट यात्रा का पता लगाया गया, जिनसे ₹1,36,970 (एक लाख छत्तीस हजार नौ सौ सत्तर रुपये) का जुर्माना वसूल किया गया।
मालदा मंडल का यह अभियान यात्रियों में अनुशासन स्थापित करने, रेलवे राजस्व की रक्षा करने तथा वैध टिकटधारी यात्रियों को सुरक्षित और सुविधाजनक यात्रा अनुभव प्रदान करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। मंडल प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि भविष्य में भी इस प्रकार के विशेष टिकट जांच अभियान पूरे मालदा मंडल में नियमित रूप से जारी रहेंगे।
मालदा मंडल सभी यात्रियों से अपील करता है कि वे वैध और उचित टिकट के साथ ही यात्रा करें, ताकि असुविधा और जुर्माने से बचा जा सके।
#MaldaDivision #EasternRailway #SpecialTicketCheckingDrive #AmritBharatExpress #KulikExpress #RailwayNews #TicketChecking #RailRevenue #PassengerDiscipline
