महिलाओं एवं बच्चियों की सुरक्षा को लेकर मुंगेर पुलिस की “अभया ब्रिगेड” पूरी तरह सतर्क

मुंगेर।
महिलाओं एवं बच्चियों के विरुद्ध अपराधों की रोकथाम और उन्हें सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से मुंगेर पुलिस द्वारा गठित “अभया ब्रिगेड” पूरी तरह सक्रिय और तत्पर है। जिले में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के साथ-साथ महिलाओं की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए पुलिस लगातार निगरानी कर रही है।
मुंगेर पुलिस के निर्देश पर जिले के सभी स्कूल, कॉलेज, कोचिंग संस्थान एवं सार्वजनिक स्थानों पर वर्दीधारी पुलिसकर्मियों के साथ-साथ सादे वेशभूषा में पुलिसकर्मियों की सतत भ्रमणशील गश्ती की जा रही है। इसका उद्देश्य असामाजिक तत्वों पर नजर रखना, छेड़खानी एवं अन्य अपराधों पर त्वरित रोक लगाना तथा आमजन, विशेषकर छात्राओं में सुरक्षा का भरोसा पैदा करना है।
अभया ब्रिगेड की टीम छात्राओं एवं महिलाओं से संवाद कर उन्हें कानूनी अधिकारों, हेल्पलाइन नंबरों तथा किसी भी आपात स्थिति में तुरंत पुलिस से संपर्क करने के उपायों की जानकारी भी दे रही है। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि महिलाओं और बच्चियों की सुरक्षा से जुड़े मामलों में शून्य सहनशीलता की नीति अपनाई जा रही है।
मुंगेर पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि कहीं भी महिलाओं या बच्चियों के साथ किसी प्रकार की छेड़छाड़, उत्पीड़न या संदिग्ध गतिविधि दिखाई दे, तो तुरंत नजदीकी थाना या पुलिस हेल्पलाइन पर सूचना दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।
मुंगेर पुलिस की इस पहल से जिले में सुरक्षा व्यवस्था और अधिक मजबूत हुई है तथा महिलाओं एवं बच्चियों में आत्मविश्वास बढ़ा है।
#MungerPolice #BiharPolice #Munger #Bihar
