थावे दुर्गा मंदिर चोरी मामले में सख्ती, डीआईजी नीलेश कुमार ने लिया जायजा, टीओपी प्रभारी निलंबित

गोपालगंज
थावे दुर्गा मंदिर में देर रात हुई चोरी की घटना को लेकर प्रशासन में हड़कंप मच गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए सारण प्रक्षेत्र के डीआईजी नीलेश कुमार स्वयं गोपालगंज पहुँचे और थावे दुर्गा मंदिर का स्थलीय निरीक्षण किया। डीआईजी ने मंदिर परिसर, सुरक्षा व्यवस्था और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की गहनता से जांच की।
निरीक्षण के दौरान डीआईजी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि लापरवाही किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। प्रारंभिक जांच में सुरक्षा में गंभीर चूक पाए जाने पर थावे टीओपी प्रभारी धीरज कुमार को तत्काल निलंबित कर दिया गया है। डीआईजी ने बताया कि रात्रि गश्ती दल की भूमिका की भी विस्तृत जांच की जा रही है और जो भी दोषी पाए जाएंगे, उनके विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
डीआईजी नीलेश कुमार ने भरोसा दिलाया कि चोरी की घटना का जल्द उद्भेदन किया जाएगा। उन्होंने संबंधित पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिया कि तकनीकी साक्ष्यों और खुफिया सूचनाओं के आधार पर अपराधियों की पहचान कर शीघ्र गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए।
गौरतलब है कि थावे दुर्गा मंदिर क्षेत्र की एक प्रमुख धार्मिक आस्था का केंद्र है। ऐसे में मंदिर में चोरी की घटना से श्रद्धालुओं में रोष व्याप्त है। पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को और सुदृढ़ करने का आश्वासन दिया है।
फिलहाल पुलिस की कई टीमें मामले की जांच में जुटी हुई हैं और मंदिर सहित आसपास के इलाकों में निगरानी बढ़ा दी गई है।
