ऑपरेशन वाइलप में बड़ी सफलता: मालदा मंडल में आरपीएफ ने 790 जिंदा कछुआ–कछुवे किए बरामद


मालदा
पूर्वी रेलवे के मालदा मंडल में रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने ऑपरेशन वाइलप के तहत वन्यजीव तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग अभियानों में कुल 790 जिंदा कछुआ और कछुवे बरामद किए हैं। यह कार्रवाई मंडल रेल प्रबंधक श्री मनीष कुमार गुप्ता के मार्गदर्शन तथा आरपीएफ मालदा के मंडलीय सुरक्षा आयुक्त श्री आशीम कुमार कुल्लू के पर्यवेक्षण में की गई।
बरहरवा स्टेशन पर 662 कछुओं की बरामदगी
आरपीएफ के अनुसार, 19 दिसंबर 2025 को दोपहर करीब 4 बजे ट्रेन संख्या 15734 बठिंडा–बालुरघाट फरक्का एक्सप्रेस के कोच एस-01 में संदिग्ध बैग होने की सूचना ट्रेन एस्कॉर्टिंग पार्टी से मिली। सूचना मिलते ही आरपीएफ पोस्ट/बरहरवा की टीम ने प्लेटफॉर्म संख्या-02 पर ट्रेन के पहुंचते ही सघन जांच की।
जांच के दौरान कुल 18 बोरा बरामद किए गए। इनमें 16 बोरों में 40-40 जिंदा कछुए (कुल 640), एक बोरे में 21 जिंदा कछुए और एक बोरे में एक बड़े आकार का जिंदा कछुआ मिला। इस तरह कुल 662 जिंदा कछुए बरामद हुए। मौके पर एक पुरुष और दो महिला यात्रियों ने इनका स्वामित्व स्वीकार किया, जिन्हें हिरासत में लेकर आवश्यक कार्रवाई की गई। मामले की सूचना तत्काल साहिबगंज वन विभाग को दी गई।
मालदा टाउन स्टेशन पर 128 जिंदा कछुए बरामद
इसी दिन ट्रेन संख्या 13410 किऊल–मालदा टाउन इंटरसिटी एक्सप्रेस की एस्कॉर्टिंग ड्यूटी के दौरान न्यू फरक्का स्टेशन के बाद एक महिला यात्री के पास मौजूद भारी बैगों पर आरपीएफ कर्मियों को संदेह हुआ। यात्री द्वारा संतोषजनक जवाब नहीं दिए जाने पर सूचना आरपीएफ पोस्ट/मालदा को दी गई।
रात करीब 10 बजे मालदा टाउन स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या-02 पर आरपीएफ अधिकारियों और महिला स्टाफ की संयुक्त जांच में गनियों के भीतर छिपाए गए 128 जिंदा कछुए बरामद किए गए।
वन विभाग को सौंपे गए कछुआ-कछुवे
दोनों मामलों में बरामद सभी कछुआ-कछुवों तथा आरोपितों को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए संबंधित वन विभाग को सौंप दिया गया है।
आरपीएफ अधिकारियों ने बताया कि ऑपरेशन वाइलप के तहत की गई यह कार्रवाई रेलवे के माध्यम से होने वाली अवैध वन्यजीव तस्करी पर रोक लगाने, जैव विविधता के संरक्षण और यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

#OperationWilep #RPFMalda #EasternRailway #MaldaDivision #WildlifeTrafficking #TortoiseRescue #RailwaySecurity #ForestDepartment #PassengerSafety

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *