रोहतास में ‘बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ’ के तहत बेटी जन्मोत्सव एवं बाल विवाह मुक्त भारत अभियान का आयोजन

रोहतास।
रोहतास जिले में महिला एवं बाल विकास निगम द्वारा ‘बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ’ योजना के अंतर्गत बेटी जन्मोत्सव तथा 100 दिवसीय ‘बाल विवाह मुक्त भारत अभियान’ के तहत एक व्यापक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम नोखा प्रखंड के श्रीखिंडा पंचायत स्थित आदर्श आंगनबाड़ी केंद्र में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
कार्यक्रम का नेतृत्व महिला एवं बाल विकास निगम, रोहतास के जिला परियोजना प्रबंधक मो. शमीम अंसारी ने किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में उपस्थित महिलाओं, माताओं एवं समुदाय के सदस्यों को बेटियों के महत्व, उनके समान अधिकार तथा विभिन्न सरकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। कार्यक्रम के दौरान बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना, वन स्टॉप सेंटर, 181 महिला हेल्पलाइन, जिला महिला सशक्तिकरण केंद्र (DHEW) और बाल विवाह मुक्त भारत अभियान से जुड़ी जानकारियां साझा की गईं।
कार्यक्रम का संचालन DHEW की वित्तीय साक्षरता विशेषज्ञ सुश्री कुमारी मेघा ने किया। उन्होंने महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने, सरकारी योजनाओं का अधिकतम लाभ उठाने तथा अपने अधिकारों के प्रति जागरूक होने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर परियोजना प्रबंधक, जिला मिशन समन्वयक एवं DHEW की डॉ. फरहत दुर्रानी द्वारा उपस्थित लेडी सुपरवाइजरों को डायरी प्रदान कर सम्मानित किया गया। वहीं, कार्यक्रम के दौरान 0 से 6 माह की बालिकाओं को बेबी किट तथा 2.5 से 3 वर्ष तक की बालिकाओं की माताओं को फलों की टोकरी देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में उपस्थित माताओं एवं बालिकाओं को बाल विवाह न करने, बेटियों की शिक्षा सुनिश्चित करने और लैंगिक समानता को बढ़ावा देने का संकल्प दिलाया गया। वक्ताओं ने कहा कि बेटियां समाज की शक्ति हैं और उनके संरक्षण, शिक्षा एवं सशक्तिकरण से ही एक सशक्त राष्ट्र का निर्माण संभव है।
अंत में सभी प्रतिभागियों को बाल विवाह मुक्त भारत के संकल्प के साथ शपथ दिलाकर कार्यक्रम का समापन किया गया। कार्यक्रम को सफल बनाने में वन स्टॉप सेंटर के कार्यालय सहायक रितेश कुमार एवं DHEW के लेखा सहायक विकास कुमार तिवारी की भी सराहनीय सहभागिता रही।
