सासाराम स्टेशन पर परीक्षार्थियों की उमड़ी भीड़, जीआरपी-आरपीएफ रही मुस्तैद
सासाराम। संवाददाता
उत्पाद विभाग सिपाही भर्ती परीक्षा को लेकर मंगलवार को सासाराम रेलवे स्टेशन पर यात्रियों एवं परीक्षार्थियों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों के स्टेशन पहुंचने से प्लेटफॉर्म और प्रवेश द्वारों पर काफी चहल-पहल रही। भीड़ को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था को लेकर राजकीय रेल पुलिस (जीआरपी) एवं रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) की संयुक्त टीम पूरी तरह सतर्क रही।
रेल पुलिस उपाधीक्षक दानापुर श्रीमती कंचन राज के नेतृत्व में स्टेशन परिसर में विशेष निगरानी अभियान चलाया गया। अधिकारियों ने प्लेटफॉर्म, प्रतीक्षालय, टिकट काउंटर तथा स्टेशन के प्रवेश एवं निकास द्वारों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। संदिग्ध व्यक्तियों एवं सामानों की जांच भी की गई।
जीआरपी और आरपीएफ के जवानों ने परीक्षार्थियों को सुरक्षित यात्रा तथा स्टेशन पर अनुशासन बनाए रखने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। भीड़ प्रबंधन के लिए अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई थी, जिससे यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
रेल प्रशासन द्वारा भी परीक्षा को देखते हुए विशेष सतर्कता बरती जा रही है। अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए विभिन्न रेलखंडों में विशेष ट्रेनों एवं अतिरिक्त व्यवस्थाओं की घोषणा की गई है, ताकि परीक्षा केंद्रों तक पहुंचने में किसी प्रकार की परेशानी न हो।
रेल अधिकारियों ने बताया कि परीक्षा अवधि के दौरान स्टेशन परिसर में सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी लगातार जारी रहेगी। वहीं यात्रियों से भी अपील की गई है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल रेलवे पुलिस को दें।
