“प्रशासन गांव की ओर” कार्यक्रम में डीएम आशुतोष द्विवेदी ने किया विभागीय स्टॉलों का निरीक्षण

मनसाही प्रखंड के कुरेठा पंचायत में आयोजित “प्रशासन गांव की ओर” कार्यक्रम के तहत लगाए गए विभिन्न विभागों के स्टॉलों का जिला पदाधिकारी श्री आशुतोष द्विवेदी ने अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने आम जनता को दी जा रही सेवाओं, योजनाओं की जानकारी एवं उनके क्रियान्वयन की स्थिति की समीक्षा की।
कार्यक्रम में राजस्व, स्वास्थ्य, शिक्षा, सामाजिक सुरक्षा, ग्रामीण विकास, आपूर्ति, कृषि, जीविका सहित अन्य विभागों द्वारा स्टॉल लगाए गए थे। जिला पदाधिकारी ने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पारदर्शी एवं समयबद्ध तरीके से पहुंचाया जाए। उन्होंने मौके पर मौजूद ग्रामीणों से संवाद कर उनकी समस्याएं भी सुनीं और कई मामलों के त्वरित निष्पादन के निर्देश दिए।
डीएम श्री द्विवेदी ने कहा कि सुशासन सप्ताह के अंतर्गत आयोजित यह कार्यक्रम प्रशासन और आम जनता के बीच की दूरी को कम करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। इससे ग्रामीणों को सरकारी कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ते और उनकी समस्याओं का समाधान गांव स्तर पर ही संभव हो पाता है।
कार्यक्रम के दौरान लाभुकों को विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी गई, वहीं कई पात्र लोगों का ऑन-द-स्पॉट आवेदन भी लिया गया। स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणों की उपस्थिति से कार्यक्रम सफल रहा।
यह आयोजन सुशासन सप्ताह 2025 के तहत गुड गवर्नेंस डे के अवसर पर किया गया, जिसका उद्देश्य प्रशासनिक सुधार, जवाबदेही और जनभागीदारी को सशक्त बनाना है।
