कटिहार पहुंचे पूर्णिया सांसद पप्पू यादव, असम के मुख्यमंत्री पर लगाए गंभीर आरोप, कोर्ट में पीआईएल दायर करने की घोषणा

रिपोर्ट : मनोज कुमार साह
असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा के खिलाफ पूर्णिया के सांसद पप्पू यादव ने गंभीर आरोप लगाते हुए कोर्ट जाने का ऐलान किया है। कटिहार पहुंचे सांसद पप्पू यादव ने कहा कि वे मशहूर गायक जुबीन गर्ग की हत्या के मामले में असम के मुख्यमंत्री की भूमिका को लेकर जनहित याचिका (PIL) दायर करेंगे और नए साल में इस मुद्दे पर लंबी कानूनी लड़ाई लड़ेंगे।
कटिहार में पत्रकारों से बातचीत के दौरान सांसद पप्पू यादव ने सीधे तौर पर असम के मुख्यमंत्री पर आरोप लगाते हुए कहा कि यह मामला केवल एक कलाकार की हत्या तक सीमित नहीं है, बल्कि सत्ता के दुरुपयोग और दबाव की गंभीर तस्वीर पेश करता है। उन्होंने कहा कि इस पूरे प्रकरण को वे न्यायालय के माध्यम से जनता के सामने लाएंगे।
बिहार की राजनीति पर बोलते हुए सांसद पप्पू यादव ने उपेंद्र कुशवाहा को सलाह दी कि वे जल्द से जल्द अपनी पार्टी का किसी अन्य पार्टी में विलय कर लें। उन्होंने आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी बिहार में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और उनसे जुड़ी राजनीतिक पार्टियों को खत्म करने की रणनीति पर काम कर रही है और उसी के तहत राजनीतिक घटनाक्रम सामने आ रहे हैं। सांसद ने उदाहरण देते हुए भाजपा पर करारा हमला बोला।
बताया जाता है कि असम में एक निजी कार्यक्रम में शामिल होने के बाद पूर्णिया सांसद पप्पू यादव आज कटिहार पहुंचे थे, जहां उन्होंने राजनीतिक और सामाजिक मुद्दों पर खुलकर अपनी बात रखी।
सांसद के इन बयानों के बाद राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है। अब सभी की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि आने वाले दिनों में पप्पू यादव द्वारा दायर की जाने वाली पीआईएल और उनकी कानूनी लड़ाई किस दिशा में जाती है।
