अपराध के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस नीति पर बिहार पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 20 हजार का इनामी लुटेरा गिरफ्तार

बिहार पुलिस की अपराध के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस नीति के तहत कटिहार जिले में बड़ी सफलता मिली है। सेमापुर थाना क्षेत्र में घटित लूटकांड में वांछित एवं 20 हजार रुपये के इनामी फरार अभियुक्त गोलू राम उर्फ रौशन राम को पुलिस ने छापामारी कर गिरफ्तार कर लिया है। अभियुक्त के पास से एक देशी कट्टा, दो जिंदा कारतूस एवं एक मोबाइल फोन बरामद किया गया है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, सेमापुर थाना अंतर्गत हुए लूटकांड के बाद से ही अभियुक्त फरार चल रहा था। लगातार खुफिया सूचना संकलन एवं तकनीकी अनुसंधान के आधार पर पुलिस ने विशेष टीम गठित कर छापामारी अभियान चलाया। इसी क्रम में पुलिस को सफलता मिली और वांछित अभियुक्त को अवैध हथियार व कारतूस के साथ धर दबोचा गया।

इस मामले में पुलिस पूर्व में ही तीन अन्य अभियुक्तों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज चुकी है। वहीं, कांड में संलिप्त अन्य फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापामारी अभियान जारी है। पुलिस का कहना है कि सभी आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर कानून के कठोर शिकंजे में लाया जाएगा।

कटिहार पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अपराध और अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। आम जनता की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *